चंडीगढ़ : हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा और ग्रामीण ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना के अंतर्गत खेतों के एक से चार करम तक के गौहर (खेती मार्ग) के रास्तों को पक्का करने की एक अनूठी पहल शुरू की गई है।
कृष्ण लाल पंवार मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शून्यकाल में विधायक मोहम्मद इजराइल द्वारा उठाए गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक विधायक को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में 25 किलोमीटर तक के गौहर मार्गों को पक्का करवाने का अधिकार दिया गया है, ताकि किसानों को खेतों तक आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और कृषि कार्य सुगमता से संपन्न हो सके। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में किसी भी विधायक द्वारा भेजी गई मांग उनके पास लंबित नहीं है।
मंत्री ने यह भी कहा कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एलएडी फंड) के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों में भी किसी प्रकार की देरी नहीं है और किसी भी विधायक की फाइल उनके पास लंबित नहीं है। सरकार पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के साथ विकास कार्यों को गति दे रही है।

