Wednesday, February 25, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक नगर निगम कार्यालय में लागू होगी ई-आफिस प्रणाली

रोहतक नगर निगम कार्यालय में लागू होगी ई-आफिस प्रणाली

रोहतक : नगर निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम रोहतक की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक, उत्तरदायी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से निगम द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। 1 मार्च 2026 से नगर निगम के सभी शाखाओ में प्रशासनिक कार्य ई-आफिस प्रणाली के माध्यम से करने बारे निर्देश दिए गए है।

इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें ई-आफिस प्रणाली के सफल क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि फाइलों का संचालन, पत्राचार, अनुमोदन प्रक्रिया तथा कार्यों का निस्तारण पूर्णतः ई-आफिस के माध्यम से जल्द से जल्द शुरू किया जाए तथा किसी भी प्रकार की मैनुअल कार्यप्रणाली को समाप्त किया जाए।

निगम आयुक्त  ने कहा कि ई-आफिस प्रणाली लागू करने का मुख्य उद्देश्य कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, निर्णय प्रक्रिया को तेज करना, जवाबदेही तय करना तथा कागजरहित (पेपरलेस) कार्यालय व्यवस्था को बढ़ावा देना है। ई-आफिस के माध्यम से कार्यों की आनलाइन निगरानी संभव होगी, जिससे अनावश्यक विलंब पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने बैठक के दौरान अधिकारियों को नगर निगम कार्यालय में प्राप्त होने वाली नागरिक शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सभी शिकायतों का संबंधित द्वारा प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी क्योकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाकर आमजन को समय पर राहत प्रदान करना निगम का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा उनके निस्तारण की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी, कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा, जिला नगर योजनाकार तिलकराज, शहरी परियोजना अधिकारी जगदीश शर्मा भू-अधिकारी संदीप बतरा, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक, विधि सहायक आदि उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular