Friday, August 21, 2026
HomeGT एक्सक्लूसिवमेडिकल स्टोर्स पर नशे की दवा का खेल, अब गुप्त जांच से...

मेडिकल स्टोर्स पर नशे की दवा का खेल, अब गुप्त जांच से खुलेगा राज

कविता.रोहतक : शहर में मेडिकल स्टोर्स से बिना डॉक्टर की सलाह के नशीली दवाओं की बिक्री के मामले सामने आने के बाद अब ड्रग कंट्रोल विभाग ने ऐसे मेडिकल स्टोर्स पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है।

हाल ही में एक मेडिकल स्टोर को सील किए जाने के बाद विभाग की नजर अब उन दुकानों पर है, जहां बिना चिकित्सकीय परामर्श ऐसी दवाएं बेचे जाने की शिकायतें या संदेह है, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है। विभाग अब ऐसे मेडिकल स्टोर्स की पहचान कर कार्रवाई का खाका तैयार कर रहा है।

पहले पहचान, फिर कार्रवाई का प्लान

ड्रग कंट्रोल विभाग की योजना सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले ऐसे मेडिकल स्टोर्स की पहचान करने की है, जहां नियमों को दरकिनार कर दवाओं की बिक्री की जा रही है। इसके लिए विभाग अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटाएगा। किन दुकानों को निगरानी में लिया जाएगा और उनकी जांच किस तरीके से होगी, इसकी रणनीति फिलहाल गोपनीय रखी जा रही है, ताकि कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानदारों को भनक न लगे।

ऐसे मेडिकल स्टोर्स की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए विभाग किस तरीके का इस्तेमाल करेगा, यह अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। विभागीय स्तर पर यह भी देखा जा रहा है कि बिना डॉक्टर की पर्ची के दवा देने वाले स्टोर्स की पहचान किस तरह प्रभावी ढंग से की जाए। जरूरत पड़ने पर गुप्त जांच या ग्राहक के माध्यम से दवा बिक्री की स्थिति परखी जा सकती है। हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया को लेकर अंतिम रणनीति विभाग ने अभी उजागर नहीं की है।

एक स्टोर सील होने के बाद बढ़ी निगरानी

हाल ही में रोहतक में एक मेडिकल स्टोर को सील किए जाने के बाद विभाग की कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हुई है। इस कार्रवाई के बाद अब अन्य मेडिकल स्टोर्स की गतिविधियों पर भी नजर रखने की तैयारी है। खासकर उन दवाओं की बिक्री को लेकर निगरानी बढ़ाई जाएगी, जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किए जाने की आशंका रहती है। विभाग का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि ऐसी दवाएं केवल वैध चिकित्सकीय जरूरत और नियमों के अनुसार ही उपलब्ध हों।

नशे के नेटवर्क पर चोट की तैयारी

मेडिकल स्टोर्स से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री होने पर इसका असर सीधे युवाओं और नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों पर पड़ता है। ऐसे में विभाग की यह कार्रवाई केवल दुकानदारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दवाओं की अवैध बिक्री के पूरे तरीके पर नजर रखने की कोशिश होगी। यदि जांच में कोई मेडिकल स्टोर नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

कार्रवाई होगी, प्लानिंग कर रहे

बिना डॉक्टर की सलाह या वैध प्रिस्क्रिप्शन के ऐसी दवाओं की बिक्री नहीं होनी चाहिए, जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है। विभाग ऐसे मेडिकल स्टोर्स की पहचान करने की योजना पर काम कर रहा है। जांच किस तरीके से की जाएगी, इसकी रणनीति फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जा सकती। जो भी मेडिकल स्टोर नियमों का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।– डीसीओ, डॉ. मंदीप मान

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular