- अनिल विज सस्ती लोकप्रियता के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे है:डॉ सुशील गुप्ता
- *आम आदमी पार्टी न्यायपालिका एवं संविधान में पूर्ण विश्वास रखती है और भाजपा केंद्रीय संस्थाओं का दुरुपयोग करती है:डॉ गुप्ता*
चंडीगढ़/नई दिल्ली: हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा आम आदमी पार्टी के खिलाफ की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए ‘आप’ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा के नेता हताशा में अपना मानसिक संतुलन खो रहे हैं और जनता का ध्यान असल मुद्दों जैसे महंगाई, नीट पेपर लीक, हरियाणा में श्रमिक अपनी मांगों के लिए हड़ताल पर हैं लेकिन अनिल विज जी अपने महकमे पर ध्यान देने की बजाय सस्ती लोकप्रियता लूटने के लिए और हरियाणा की जनता का मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि यह हास्यास्पद है कि वह पार्टी हमें संस्थाओं का सम्मान सिखा रही है, जिसने खुद ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग को अपना ‘फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन’ बना लिया है। भाजपा ने लोकतंत्र की हर मर्यादा को तार-तार किया है और जब कोर्ट से उन्हें फटकार लगती है, तो वे खिसियानी बिल्ली की तरह बयान देते हैं।
अनिल विज के “सबक सिखाने” वाले बयान पर डॉ. गुप्ता ने कहा, “अनिल विज जी, लोकतंत्र में कोई किसी को सबक नहीं सिखाता, जनता सबक सिखाती है। हरियाणा की जनता बिजली के बढ़ते दामों, टूटी सड़कों और बेरोजगारी के लिए आपको सबक सिखाने को तैयार बैठी है। कोर्ट का हम सदैव सम्मान करते हैं, लेकिन भाजपा द्वारा प्रायोजित राजनीतिक षड्यंत्रों का डटकर मुकाबला करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकली पार्टी है। हम पुलिस या जांच एजेंसियों से नहीं डरते, हम डरते हैं तो सिर्फ देश के संविधान और जनता के प्रति अपनी जवाबदेही से। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल को एक काल्पनिक झूठे शराब घोटाले का षडयंत्र रचकर लोकतंत्र को तार-तार करके एक सिटिंग मुख्यमंत्री को जेल भेजकर केंद्रीय संस्थाओं ईडी, सीबीआई का मजाक बनवाया, लेकिन न्यायपालिका ने अरविंद केजरीवाल व अन्य नेताओं को बाइज़्ज़त बरी किया। जिससे भाजपा सरकार को करारा तमाचा लगा।
डॉ. गुप्ता ने तंज कसते हुए कहा कि ऊर्जा मंत्री को दूसरों को नसीहत देने के बजाय अपने विभागों की खस्ता हालत देखनी चाहिए। हरियाणा का युवा परिवहन की बदहाली और श्रमिक अपने हक के लिए सड़कों पर हैं, लेकिन मंत्री जी सिर्फ सस्ती सुर्खियां बटोरने में व्यस्त हैं।
डाॅ गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक कट्टर ईमानदार व देशभक्त व्यक्ति है। उनपर दाग लगाना सूरज पर दाग लगाने के समान है। हाल ही भाजपा के शीर्ष नेताओं के सम्पर्क वाले लोगों ने नीट पेपर लीक कराया और 22 लाख से ज्यादा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। अनिल विज काफी समय से अपने बेतुके बयानों के लिए जाने जाते हैं। मैं उनको साफ तौर पर बताना चाहता हूँ कि अगर आपके दिमाग पर कोई भूत सवार है तो हरियाणा के आंदोलित सफाई कर्मचारी झाड़ू मार-मारकर भूत उतारने के लिए तैयार है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी न तो झुकेगी और न ही रुकेगी। कोर्ट की प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया जाएगा और अंततः जीत सच्चाई की ही होगी। भाजपा को चाहिए कि वह नफरत की राजनीति छोड़कर महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक घोटाले और भ्रष्टाचार पर समय रहते ध्यान दे नहीं तो सबक तो तुम्हें जनता सिखाएगी।

