Saturday, April 11, 2026
Homeहरियाणारोहतकउपायुक्त सचिन गुप्ता ने किया वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, महिलाओं को...

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने किया वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की ली जानकारी

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्थानीय वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर में आने वाली महिलाओं को प्रदान की जा रही सहायता सेवाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।

सचिन गुप्ता ने स्थानीय गांधी कैंप स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने के दौरान सेंटर में हिंसा पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। गत वर्ष वन स्टॉप सेंटर में 367 केस दर्ज किए गए तथा 44 महिलाओं को आश्रय प्रदान किया गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि सेंटर में आने वाली पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए यहां की सेवाओं की गुणवत्ता उच्च स्तर की होनी चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा, सहायता एवं सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और वन स्टॉप सेंटर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सेंटर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण तथा हेल्पलाइन सेवाओं की भी जांच की और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने उपायुक्त को सेंटर की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सेंटर की सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी कर्मिंद्र कौर, कानूनी काउंसलर प्रवीन कुमार, कार्यालय सहायक सीमा, पूनम, अजय व अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular