Tuesday, October 22, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में तीसरे दिन भी छाया रहा घना कोहरा, प्रदेश में मौसम...

रोहतक में तीसरे दिन भी छाया रहा घना कोहरा, प्रदेश में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

IMD चंडीगढ़ ने जानकारी दी कि साढ़े 8 बजे रोहतक, हिसार, करनाल, सिरसा व भिवानी में विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर रही। वहीं अंबाला में यह 20 से 200 मीटर तक रिकॉर्ड हुई।

रोहतक। रोहतक में आज लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। धुंध बारिश की बूंदों तरह बरसी। सड़कों पर कम ही लोग दिखे। वाहनों की रफ्तार धीमी ही रही। मजदूरों को काम मिलने में दिक्कत हो रही है। दुकानदारों के पास ग्राहक नहीं आ रहे हैं, लेकिन किसानों की फसल के लिए ऐसा माहौल बेहतर है। सिर्फ रोहतक ही नहीं हरियाणा के अन्य जिलों की तरह में भी कोहरे और ठंड से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी हो गयी है। हालांकि कृषि विशेषज्ञों के अनुसार कोहरा और ठंड गेहूं की फसल के लिए लाभदायक सिद्ध होगी।

8 बजे रेलवे कलोनी का दृश्य

ठंड से बढ़ी परेशानी

रोहतक वासी आज सुबह जब उठे तो उन्हें घने कोहरे से सामना हुआ। कोहरा ऐसा घना कि दस मीटर की दूरी तक भी देख पाना मुश्किल हो रहा था। लोगों का जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। ठंड और कोहरे के कारण अधिकांश लोग घरों में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं। जरूरत होने पर ही निकल रहे हैं। इसका असर बाजार से लेकर हर दिन कमाने और खाने वालों पर भी पड़ रहा है। बाजार में ग्राहक कम आ रहे हैं। लिहाजा दुकानदारों की सेल घट गयी है। पवन नाम के फल दुकानदार ने बताया कि पहले वह केले के चार कैरेट बेचता था लेकिन अब मात्र एक कैरेट ही बेच पा रहा है। वहीं रामचंद्र नाम के दैनिक मजदूर का कहना था कि काम ही नहीं मिल रहा है। घंटों खड़े रहते हैं लेकिन काम देने वाला कोई मिल ही नहीं रहा है।

मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का रेड अलर्ट

IMD चंडीगढ़ ने जानकारी दी कि साढ़े 8 बजे रोहतक, हिसार, करनाल, सिरसा व भिवानी में विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर रही। वहीं अंबाला में यह 20 से 200 मीटर तक रिकॉर्ड हुई। वहीँ चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हरियाणा में कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले पांच दिनों में हरियाणा में आगामी 24 घंटों में हरियाणा और पंजाब में मौसम शुष्क बना रहेगा। जिसके चलते कोहरे की गाढ़ी चादर चढ़ी दिखाई देगी। विजिबिलिटी कम होने से लोगों को काफी परेशानी हो सकती है। इस दौरान लोगों को 1 मीटर के दायरे में ही दिखाई देगा। इसके साथ ही विजिबिलिटी में कमी आएगी। धुंध के साथ-साथ कुछ इलाकों में बादल भी छाए रहेंगे।

बता दें कि उत्तर हरियाणा में आने वाले जिले चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल हैं। वहीं दक्षिण व दक्षिण पूर्व हरियाणा में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत जिले आते हैं। वहीं पश्चिम तथा दक्षिण पश्चिम हरियाणा में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले आते हैं। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि हरियाणा राज्य में अगले तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है।

अगले 5 दिन छायेगा घना कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में उत्तरी हरियाणा और पश्चिम व दक्षिण पश्चिम हरियाणा में घना कोहरा देखा जाएगा। वहीं दक्षिण व दक्षिण पूर्व हरियाणा में घना कोहरा सिर्फ सुबह के समय और देर शाम को ही देखा जा सकता है। जिसके चलते दक्षिण पूर्व हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा आने वाले 5 दिनों में घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक चरखी दादरी, भिवानी, तोशाम, बहादुरगढ़, बेरी खास, सांपला, रोहतक, सिवानी, बवानीखेड़ा, हांसी, हिसार, आदमपुर, नारनौंद, नाथूसरी चौपटा, ऐलनाबाद, फतेहाबाद, रानियां, खरखौदा, सोनीपत, गन्नौर, समालखा, बापौली, घरौंडा, करनाल, महम, गोहाना, जुलाना, इसराना, सफीदों, जींद, पानीपत, असंध, कैथल, नीलोखेड़ी, नरवाना, सिरसा, टोहाना, कलायत, रतिया, डबवाली, थानेसर, गुहला, पिहोवा, अंबाला में बहुत घने कोहरे की संभावना है।

गेहूं की फसल को फायदा

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार कोहरा और बढ़ी हुई सर्दी गेहूं की बंपर पैदावार में लाभदायक होगी। इसके अलावा मौसमी सब्जियों की फसलों को भी फायदा होगा।कृषि विशेषज्ञों की किसानों को सलाह है कि 30 से 35 दिनों के अंतराल पर खरपतरवारनाशी का जरूर प्रयोग करें, ताकि खरपतवार नष्ट हो सके। वहीं उन्होंने किसानों को इस क्षेत्र में बोई जाने वाली दूसरी मुख्य फसल सरसों की फसल को बदलते मौसम से बचाए जाने की भी अपील की।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular