Sunday, October 25, 2026
Homeशिक्षाITI में ‘ऑन द स्पॉट’ दाखिले की अंतिम तिथि 19 सितंबर तक...

ITI में ‘ऑन द स्पॉट’ दाखिले की अंतिम तिथि 19 सितंबर तक बढ़ी

हरियाणा के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राज्य के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में सत्र 2026-27 के लिए एससीवीटी के अंतर्गत रिक्त सीटों पर ‘ऑन द स्पॉट’ दाखिला प्रक्रिया की अंतिम तिथि 19 सितंबर, 2026 तक बढ़ा दी है। यह दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से संस्थान स्तर पर आयोजित की जाएगी, जिसके लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.admissions.itiharyana.gov.in पर नए ऑनलाइन आवेदन पत्र भी आमंत्रित किए जा रहे हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान स्तर पर होने वाली यह दाखिला प्रक्रिया नए और पुराने आवेदनों की संयुक्त मेरिट के आधार पर होगी तथा इसमें कोई आरक्षण लागू नहीं होगा। दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थियों को 19 सितंबर, 2026 को दोपहर 12:00 बजे तक अपना मेरिट कार्ड संबंधित संस्थान में जमा करवाना होगा। इसके पश्चात अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ संस्थान में स्वयं उपस्थित होना होगा और मौके पर ही दाखिला फीस ऑनलाइन जमा करानी होगी।

अभ्यर्थी दाखिला पोर्टल से अपना मेरिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और संस्थानवार रिक्त सीटों की संख्या भी पोर्टल पर देख सकते हैं। विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि इस एससीवीटी दाखिले के आधार पर पूर्व में एनसीवीटी में लिया गया दाखिला रद्द नहीं किया जाएगा। सत्र 2026-27 की विवरण पुस्तिका में वर्णित अन्य सभी नियम व शर्तें यथावत लागू रहेंगी।

RELATED NEWS

Most Popular