रोहतक : उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में जिला के गांव घुसकानी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल सुखविंदर सिंह ने शिरकत की। विद्यालय परिसर को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था। प्रवेश द्वार पर सुस्वागतम की मनमोहक रंगोली और पारंपरिक वेशभूषा में सजे पुतलों ने अतिथियों का मन मोह लिया। गुलाबी और पीले रंगों के आकर्षक टेंट से सजे भव्य मंच पर विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह शेखावत ने सभी प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि कला उत्सव जैसे आयोजन बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। इसके साथ ही, ये कार्यक्रम हमारी समृद्ध भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति युवा पीढ़ी की रुचि को भी बढ़ावा देते हैं। प्राचार्य ने जानकारी दी कि इस संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित होने वाले विद्यार्थी और टीमें अब क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जेएनवी चुरू (राजस्थान) में अपना कौशल दिखाएंगी।
11 नवोदय विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने लिया भाग
इस महत्वपूर्ण संकुल स्तरीय आयोजन में कुल 11 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों में जेएनवी पानीपत, जेएनवी यमुनानगर, जेएनवी कैथल, जेएनवी झज्जर, जेएनवी रोहतक, जेएनवी सोनीपत, जेएनवी अंबाला, जेएनवी करनाल, जेएनवी पंचकूला, जेएनवी कुरुक्षेत्र, जेएनवी महेंद्रगढ़ शामिल हैं।
विभिन्न विधाओं में दिखा विद्यार्थियों का हुनर
दो दिनों तक चले इस कला उत्सव में विद्यार्थियों के लिए मुख्य रूप से चार विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें एकल नृत्य, क्षेत्रीय शास्त्रीय नृत्य, समूह शास्त्रीय नृत्य तथा थिएटर एवं नाटक शामिल रहे। अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों और वाद्य यंत्रों की सुरीली धुनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय कला एवं संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया। दर्शक दीर्घा में बैठे जेएनवी रोहतक के छात्रों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
मूल्यांकन के लिए पहुंचे कला एवं डिजाइन क्षेत्र के विशेषज्ञ
प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए कला, संगीत और डिजाइन क्षेत्र के दिग्गज विशेषज्ञों को बतौर निर्णायक आमंत्रित किया गया था। निर्णायक मंडल में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर नीरज, डीएलसी सुपवा के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (डिजाइन विभाग) के अनिल कुमार, तथा असिस्टेंट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (पेंटिंग एंड विजुअल आर्ट विभाग) के प्रकाश दास खांडेय मुख्य रूप से शामिल रहे।
इनके अतिरिक्त विद्यालय स्तर से भी कला एवं संगीत विशेषज्ञों ने निर्णायक की अहम भूमिका निभाई, जिनमें सुनीता देवी (पीजीटी फाइन आर्ट, जीजीएसएसएस गांधी नगर), सविता (पीजीटी फाइन आर्ट, जीएसएसएस गांधी नगर) और पंकज (पीजीटी संगीत, पीएम श्री जीजीएसएसएस मॉडल टाउन) शामिल रहे।


