Saturday, October 3, 2026
Homeहरियाणारोहतकजवाहर नवोदय विद्यालय घुसकानी में कक्षा 9वीं व 11वीं में प्रवेश के...

जवाहर नवोदय विद्यालय घुसकानी में कक्षा 9वीं व 11वीं में प्रवेश के लिए 15 अक्टूबर तक करें आवेदन

रोहतक के उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि जिला के गांव घुसकानी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। उन्होंने जिला के पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन आवेदन करने का आह्वान किया है।

सतबीर सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ये पूर्णतः आवासीय विद्यालय हैं, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ भोजन, आवास, पुस्तकालय, खेलकूद तथा अन्य आवश्यक शैक्षिक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र होंगे। इसी प्रकार कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।

उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी जवाहर नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट www.navodaya.gov.in  के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो, विद्यार्थी के हस्ताक्षर तथा अभिभावक के हस्ताक्षर तैयार रखने होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

सतबीर सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने पात्र बच्चों का आवेदन समय रहते करवाएं, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।

RELATED NEWS

Most Popular