रोहतक : जवाहर नवोदय विद्यालय रोहतक में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दी गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://navodaya.gov.in पर जाकर नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन करने वाले छात्र का वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रोहतक जिले के किसी भी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना चाहिए। दोनों तिथियां इसमें शामिल हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जाते हैं। यहां विद्यार्थियों को आवास, भोजन, यूनिफॉर्म तथा पाठ्यपुस्तकें पूर्णत: नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने जिला के सभी पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का आह्वान किया है कि वे बढ़ाई गई अंतिम तिथि का लाभ उठाते हुए समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें।किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए अभिभावक जवाहर नवोदय विद्यालय, रोहतक के हेल्पडेस्क नंबर 9812347574 पर संपर्क कर सकते हैं।


