दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपनी डीडीए टॉवरिंग हाइट्स, कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम-2026 के अंतर्गत आवासीय फ्लैटों के थोक आवंटन हेतु राज्य सरकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आरएच-02 ब्लॉक, कड़कड़डूमा के विभिन्न टावरों में स्थित इन आवासीय इकाइयों का उपयोग स्टाफ क्वार्टर, आधिकारिक आवास अथवा सरकारी कर्मचारियों के दीर्घकालिक आवास के रूप में किया जा सकता है। इस संबंध में डीडीए के प्रधान आयुक्त (आवास) से हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को एक पत्र मिला है।
पत्र के अनुसार, डीडीए द्वारा 107 दो-बेडरूम (2-बीएचके) फ्लैटों का थोक आवंटन किया जाएगा। वर्तमान में निर्माणाधीन इन फ्लैटों को विशेष रूप से केंद्र एवं राज्य सरकारों के संस्थानों के लिए चिह्नित किया गया है।
यह योजना केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों तथा राज्य सरकारों के विभागों, सरकारी विश्वविद्यालयों, सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों, सरकारी संगठनों तथा स्वायत्त निकायों के लिए खुली है। इच्छुक संस्थाओं को सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन एवं प्राधिकरण के साथ आवेदन करना होगा और आवश्यक फ्लैटों की संख्या स्पष्ट रूप से दर्शानी होगी।
डीडीए द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि थोक श्रेणी के अंतर्गत आवंटन ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। प्राथमिकता, पूर्ण एवं पात्र आवेदन प्राप्त होने की तिथि एवं समय के अनुसार ही तय की जाएगी, जो फ्लैटों की उपलब्धता और पात्रता शर्तों को पूरा करने पर निर्भर करेगी।
ठन 2-बीएचके फ्लैटों की कीमत 1.79 करोड़ से 2.32 करोड़ रुपये के बीच है तथा इनका प्लिंथ एरिया 142 वर्ग मीटर से 187 वर्ग मीटर तक है। आवासीय परिसर में पार्किंग सुविधा, लिफ्ट, बड़ी बालकनी, सामुदायिक केंद्र/क्लब हाउस तथा खुले हरित क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
बताया गया है कि फ्लैटों का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। आवंटन के समय संस्थाओं को कुल निर्धारित मूल्य का 75 प्रतिशत जमा करवाना होगा, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि निर्माण पूर्ण होने पर देय होगी। फ्लैटों का कब्जा जुलाई 2026 तक सौंपे जाने की संभावना है।

