रोहतक : स्थानीय डी-पार्क क्षेत्र में दुकानों में लगी आग की दुखद घटना में झुलसकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आज रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार ने सिंचाई विश्राम गृह में पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।
हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्डा ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के उपरांत पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के तहत आज एसडीएम आशीष कुमार ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे।
इस अवसर पर एसडीएम आशीष कुमार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि अशोक खुराना, युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, पार्षद कपिल नागपाल, पार्षद प्रतिनिधि दीपू नागपाल, पार्षद सुरेश किराड़, पार्षद प्रतिनिधि हर्षित मिगलानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने भी हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।


