Tuesday, September 1, 2026
Homeहरियाणारोहतकहाईवे किनारे अवैध ढाबों पर शिकंजा : भाली आनंदपुर सहकारी चीनी मिल...

हाईवे किनारे अवैध ढाबों पर शिकंजा : भाली आनंदपुर सहकारी चीनी मिल के समीप फ्लाईओवर पर बिजली की तारों की ऊंचाई बढ़ेगी

रोहतक : अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने सभी सड़क स्वामित्व एजेंसियों को निर्देश दिये कि वे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम से कम करने के लिए सड़क सुरक्षा के सभी पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे सड़कों से संबंधित समस्याओं को म्हारी सड़क ऐप पर सांझा करें।

नरेंद्र कुमार स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे खरावड़ बाईपास पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रस्तावित फ्लाईऑवरों की निर्माण प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करवाने के लिए कार्यवाही करें। सरकार द्वारा खरावड़ में दो फ्लाईऑवर का निर्माण करवाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि चुलियाना मोड़ पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए।

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्ट्रीट लाइटों की समीक्षा करते हुए उपमंडलाधीशों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की स्ट्रीट लाइटें भी चेक करें। उपमंडलाधीश सड़क स्वामित्व एजेंसियों की उपमंडल स्तर पर भी समीक्षा बैठक लें ताकि स्थानीय स्तर पर सडक़ों के मुद्दों को हल किया जा सके। उन्होंने राष्टï्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सड़क पर ऑवर ले के कार्य को शीघ्र शुरू करवाये ताकि नागरिकों को आवागमन में सुविधा हो। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ स्थित सभी अनाधिकृत ढाबों को तुरंत हटवाया जाए। स्थानीय जलेबी चौक पर क्षतिग्रस्त सड़क पर पैच वर्क में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाये।

नरेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों तथा स्थानीय सड़कों के किनारे उगी झाडियों तथा पेड़ों की टहनियों की कटाई-छटाई करवाई जाये। स्थानीय भाली आनंदपुर सहकारी चीनी मिल के समीप स्थित फ्लाईऑवर पर बिजली की तारों की ऊंचाई बढ़ाने के लिए जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि राष्ट्रीय राजमार्गों व अन्य सड़कों पर सुरक्षा के सभी प्रबंध पुख्ता हो। बैठक में गत माह सड़क दुर्घटनाओं में हुई मृत्यु से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को सभी सुरक्षा प्रबंध करवाने के निर्देश दिये।

सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित न करने वाली निर्माण एजेंसी पर लगाए जुर्माना

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय जेएलएन नहर से बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय तक गत दिनों नवनिर्मित सड़क से संबंधित एजेंसी पर जुर्माना लगाया जाए, जिसकी गुणवत्ता निम्र स्तर की है तथा यह सड़क कुछ दिन बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई है। इस सड़क को दुरुस्त करवाया जाए तथा गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा स्थानीय न्यायालय परिसर से छोटूराम चौक तक क्षतिग्रस्त सड़क को भी ठीक करवाया जाए ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। जींद चौक से हिसार चौक जाने वाली सड़क पर रेलवे ऑवरब्रिज पर क्षतिग्रस्त सड़क को तुरंत दुरुस्त करवाया जाए।

पुलिस यातायात नियमों को सख्ती से करे लागू

नरेंद्र कुमार ने पुलिस के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर दो पहिया वाहन चालकों की जांच के लिए पुलिस नाके लगाये जाये। जिला प्रशासन द्वारा हेलमेट न पहनने की वजह से हो रही मृत्यु की घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए यातायात नियमों विशेषकर हेलमेट पहनने व सीट बेल्ट लगाने के नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान बढ़ाए जाए। शराब का सेवन करके वाहन चलाने वालों तथा निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने वाले चालकों के चालान भी बढ़ाये जाये।

अधिकारी सड़क सुरक्षा प्रबंधों की कमी नजर आते ही व्हट्सऐप ग्रुप में करें सांझा

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सफर करते समय यदि उन्हें सड़क पर किसी प्रकार की सुरक्षा प्रबंधों की कमी नजर आती है तो वे तुरंत व्हट्ïसऐप ग्रुप में सांझा करें ताकि समय पर सभी प्रबंध किये जा सके। राष्ट्रीय राजमार्ग 9 से बहुअकबरपुर गांव के नजदीक जींद रोड की ओर जाने वाली सड़क को आगामी डेढ़ माह में दुरुस्त करवाया जाये।

नागरिक सड़कों से संबंधित समस्याओं को म्हारी सड़क ऐप पर करें शेयर

नरेंद्र कुुमार ने नागरिकों का आह्वान किया कि वे जिला में सडक़ों से संबंधित सभी समस्याओं को म्हारी सडक़ ऐप पर फोटो सहित सांझा करें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सड़कों को गढ्डा मुक्त करने व अन्य सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए यह ऐप विकसित की गई है। मुख्यमंत्री स्वयं म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर रहे है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देेश दिए कि वे इस ऐप पर आवश्यक डाटा अपडेट करें। नागरिक सडक़ों के किनारे उगी झाडियों, पेड़ों की टहनियों, सडक़ों पर गढ्डे, सड़कों पर संकेत चिन्ह आदि के बारे में म्हारी सड़क ऐप पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है। निर्धारित अवधि में संबंधित विभाग द्वारा इन शिकायतों का निपटारा करवाया जाता है।

पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये तक निशुल्क उपचार का है प्रावधान :-
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सडक़ दुर्घटना में घायल होने वाले नागरिकों के कल्याण के लिए पीएम राहत योजना क्रियान्वित की जा रही है। इस योजना के तहत सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सरकारी या निजी अस्पताल में डेढ लाख रुपये तक निशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। निजी अस्पताल इस राशि को प्राप्त करने के लिए इलाज के बाद अपना दावा कर सकते है।

घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत दी जाती है 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि

नरेंद्र कुमार ने कहा कि इसी तरह सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। यदि कोई व्यक्ति सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करता है तो ऐसे व्यक्ति की जानकारी अस्पताल पुलिस को सांझा करनी होती है, जिसके बाद ऐसे व्यक्ति को 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य है कि नागरिकों को सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाये ताकि कम से कम समय में पीडि़त व्यक्ति को अस्पताल में पहुंचाकर इलाज मुहैया करवाया जा सके।

सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार तथा महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े तथा विभिन्न बिंदुओं बारे अपने सुझाव दिये। इस अवसर पर प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह सहित सड़क स्वामित्व एजेंसियों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular