पलवल। धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार की सुबह हादसे की दर्दनाक खबर लेकर आई। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर यादवपुर गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी 22 सीटर गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 16 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। गाड़ी में सवार सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। श्रद्धालु गोगामेड़ी और खाटू श्याम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसके बाद उनका वृंदावन और बरसाना जाने का कार्यक्रम था। इसी दौरान यादवपुर गांव के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के खड़े ट्रक से टकराने की बात भी सामने आई है।
हादसे में मृतकों में 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
वहीं प्रथम दृष्टया चालक को नींद की झपकी आने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


