आईएमटी में सक्रिय हुआ ‘इंजन कंट्रोल मॉड्यूल’ चोर गिरोह
कविता. रोहतक : आईएमटी क्षेत्र में इन दिनों एक अलग तरह के चोर गिरोह की सक्रियता ने ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों की चिंता बढ़ा दी है। रात के अंधेरे में खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर चोर उनके इंजन कंट्रोल मॉड्यूल (ECM) निकाल रहे हैं। कई ट्रकों से महंगा मॉड्यूल चोरी होने की घटनाओं के बाद ट्रक चालक अब रात में अपने वाहन खड़े करने को लेकर भी परेशान हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ट्रक चालक अपने वाहन रात में कहां खड़े करें, जहां वे सुरक्षित रह सकें।
आईएमटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रक और भारी वाहन रात के समय खड़े रहते हैं। चोर गिरोह इसी का फायदा उठाता नजर आ रहा है। चालक ट्रक खड़ा कर कुछ घंटों के लिए आराम करने जाते हैं और वापस लौटने पर उन्हें वाहन के इंजन से महत्वपूर्ण हिस्सा गायब मिलता है।
ट्रक चालकों का कहना है कि चोरी का पता चलने के बाद वाहन को मौके से चलाना तक मुश्किल हो जाता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं।
लॉक खोलने से लेकर मॉड्यूल निकालने तक, चोरों का तरीका अलग
बताया जा रहा है कि यह गिरोह सामान्य चोरी के बजाय ट्रकों के खास तकनीकी हिस्सों को निशाना बना रहा है। चोर ट्रक के इंजन कंट्रोल मॉड्यूल को निकालकर ले जाते हैं। यह हिस्सा वाहन के इंजन संचालन से जुड़ा महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होता है। इसकी चोरी के बाद ट्रक खड़ा रह जाता है और उसे दोबारा चलाने के लिए मॉड्यूल लगवाना पड़ता है। इससे ट्रक मालिकों पर हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च भी पड़ सकता है।
ट्रांसपोर्टरों में बढ़ी दहशत
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ट्रांसपोर्टरों में भी चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि ट्रक कई बार माल लेकर रात में आईएमटी पहुंचते हैं और चालक को मजबूरी में सड़क किनारे या आसपास वाहन खड़ा करना पड़ता है। यदि वहां सुरक्षा का इंतजाम नहीं है तो वाहन और उसके महंगे पार्ट्स दोनों खतरे में रहते हैं। ट्रक चालक अब रात में सोने से पहले कई बार अपने वाहन की जांच करने को मजबूर हैं।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो रहा है। आईएमटी जैसे औद्योगिक क्षेत्र में रात के समय बड़ी संख्या में भारी वाहन आते-जाते हैं। ऐसे में ट्रकों के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था कितनी है, यह भी सवाल है। चालक पूछ रहे हैं कि यदि सड़क किनारे ट्रक खड़ा करें तो चोरी का डर और कहीं सुरक्षित जगह मिले नहीं तो वे आखिर अपने वाहनों को रात में कहां खड़ा करें।
पुलिस गश्त और सुरक्षित पार्किंग की मांग
ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों की मांग है कि आईएमटी क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए। साथ ही भारी वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था भी होनी चाहिए। चालकों का कहना है कि वे रातभर ट्रक की रखवाली नहीं कर सकते।


