Monday, May 19, 2025
Homeउत्तर प्रदेशकुरुक्षेत्र में विपक्ष पर बरसे CM योगी, बोले- अब कोई दुश्मन हमारी...

कुरुक्षेत्र में विपक्ष पर बरसे CM योगी, बोले- अब कोई दुश्मन हमारी सीमा में घुसपैठ नहीं कर सकता

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के चुनावी समर में उतरे भाजपा के स्टार प्रचारक व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को कांग्रेस की नीतियों पर खूब फायर रहे। उन्होंने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नवीन जिंदल के पक्ष में न्यू अनाज मंडी में विजय संकल्प रैली की। योगी ने कुरुक्षेत्र की धरा को प्रणाम किया। फिर अयोध्या का जिक्र कर सीएम ने कहा कि हमने रात-रात भर जगकर अयोध्या को अयोध्या बनाया है। आजाद भारत की पहली सरकार है, जिसने आस्था को सम्मान दिया है।

योगी ने कहा कि अब कोई दुश्मन हमारी सीमा में घुसपैठ नहीं कर सकता है। अब आतंकी विस्फोट नहीं होते, पहले हर जिले, क्षेत्र, प्रदेश में विस्फोट से निर्दोष मारे जाते थे। कांग्रेस शासन में सुबह की शुरुआत घोटाले और शाम होते-होते आतंकी वारदात की बड़ी खबरें आती थीं, लेकिन अब भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक के माध्यम से विश्व को अपनी ताकत का अहसास कराया है। हम शांति और सौहार्द के पक्षधऱ हैं, लेकिन शांति केवल बोलने से नहीं, ताकत से हासिल की जाती है।

सीएम योगी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की शुरुआत और शाम का अंत भी झूठ से होता है। अन्ना जी ने भ्रष्टाचार हटाने के लिए कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन किया था। आप का गठन इसी के पक्ष में था, लेकिन आम आदमी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ मिलकर लूटने चली है। इन लोगों ने देश की राजधानी दिल्ली को तबाह-बर्बाद कर दिया। यह मूल्यों-आदर्शों से हटकर देश की कीमत पर राजनीति और देश के संसाधनों को लूटवाकर अराजकता पैदा करना चाहते हैं।

जेब और घर पर लहरा सके तिरंगा, जिंदल ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी थी लड़ाई

सीएम ने कहा कि ब्रह्म सरोवर में तिरंगा लहरा रहा है। यह तिरंगा जेब और घर पर शान से लगा सकें, इसकी लड़ाई नवीन जिंदल ने सांसद बनने के पहले सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी थी। इन्होंने कहा था कि भारत के आन-मान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय चिह्न को लगाने का अधिकार हमें मिलना चाहिए, जिससे गर्व से कह सकें कि हम भारतीय हैं। राष्ट्रीय चिह्न के लिए लड़ी गई लड़ाई अभिनंदनीय थी। जब भारत के स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण हो रहे थे तो मोदी जी ने वही तिरंगा हर घर में फहराने का कार्य किया था, लेकिन 2004 में नवीन जिंदल ने इस लड़ाई की शुरुआत कर विजयश्री प्राप्त की थी। बाबा विश्वनाथ धाम को सजाने और वहां के घाटों के सुंदरीकरण में यह परिवार योगदान दे रहा है।

सिरसा में बोले-  तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण पर काम कर रही भाजपा

वहीं भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने सिरसा लोकसभा सीट से कैंडिडेट अशोक तंवर के लिए भी अनाज मंडी में जनसंवाद किया। सीएम ने कहा कि जब हम 400 पार की बात करते हैं तो कांग्रेस को चक्कर आने लगता है, क्योंकि वह 400 सीटों पर चुनाव ही नहीं लड़ रही है तो वह जीतेगी कैसे। भारतीय जनता पार्टी तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण पर काम कर रही है। वहीं इंडी गठबंधन के लोग सुबह से शाम तक झूठ और अफवाहें फैला रहे हैं। इनके पास जब सत्ता थी तो देशवासियों के लिये कोई काम नहीं किया और अब हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कांग्रेस ने भारत की विरासत का विरोध किया है। ऐसे में इनको अब कभी भी सत्ता नहीं मिल सकती है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता पर काबिज होने की इतनी जल्दी थी कि यह करतारपुर साहिब को ही भूल गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालते ही करतारपुर गलियारा के निर्माण और गुरु नानक देव की पावन धरा को भारत का हिस्सा बनाने के कार्य को आगे बढ़ाया। गुरु गोविंद सिंह के चार-चार साहबजादों के नाम पर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular