मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने प्रयागराज दौरे पर पूरे प्रयागराज शहर का हवाई सर्वे किया। शहर के एरियल सर्वे के दौरान उन्होंने प्रयागराज महाकुम्भ क्षेत्र की ओर जाने वाली सभी रोड्स का मुआयना किया। इसके साथ ही सीएम ने महाकुम्भ क्षेत्र का भी हवाई सर्वे कर स्थितियों का जायजा लिया।
एरियल सर्वे के दौरान मुख्यमंत्री का विशेष फोकस उन रोड्स के मुआयने पर रहा, जो विभिन्न जनपदों से प्रयागराज को जोड़ती हैं। हाल ही में मौनी अमावस्या स्नान पर्व के दौरान और इसके बाद इन रोड्स पर अत्यधिक मात्रा में ट्रैफिक देखा गया था। उल्लेखनीय है कि प्रयागराज को विभिन्न जनपदों से जोड़ने वाले 7 प्रमुख मार्ग हैं और मौनी अमावस्या के अमृत स्नान पर्व के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु अपने निजी वाहनों व उत्तर प्रदेश परिवहन की बसों में सवार होकर महाकुम्भ पहुंचे थे।
सीएम योगी ने किया संगम नोज का स्थलीय निरीक्षण
हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद वह सीधे संगम नोज पहुंचे, जहां मौनी अमावस्या को अमृत स्नान पर्व के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी थी। मुख्यमंत्री ने यहां महाकुम्भ मेला से जुड़े अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।
प्रयागराज पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले संगम नोज पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने घटनास्थल देखा, जहां मौनी अमावस्या के अमृत स्नान पर्व पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उन्होंने मेलाधिकारी विजय किरण आनंद और डीआईजी वैभव कृष्ण से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। मेलाधिकारी ने उन्हें बताया कि घटना के वक्त क्या हुआ था और किस तरह से तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने आगामी बसंत पंचमी अमृत स्नान को लेकर यहां की जा रही व्यवस्थाओं को भी देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं से भी किया संवाद
घटनास्थल का निरीक्षण कर लौटते वक्त मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं से संवाद भी किया। वह बैरीकेडिंग के बहुत करीब जाकर श्रद्धालुओं से मिले और हाल चाल पूछा। मुख्यमंत्री योगी को अपने करीब पाकर श्रद्धालुओं का उत्साह भी चरम पर था। श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव, जय श्री राम और गंगा मइया की जय जैसे जयकारों से सीएम योगी का अभिनंदन किया।