चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला सोनीपत के गांव भटगांव में आयोजित राज्यस्तरीय गौशाला चारा अनुदान राशि वितरण समारोह में प्रदेश की गौशालाओं के सशक्तिकरण के लिए 68 करोड़ 34 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली के पर्व की शुभकामनाएं भी दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गौमाता हमारी संस्कृति, आस्था और संवेदनशीलता की प्रतीक हैं। गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ विषय है। सरकार का उद्देश्य गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भटगांव की दोनों ग्राम पंचायतों तथा धर्मार्थ गौशाला भटगांव को 21-21 लाख रूपये देने की भी घोषण की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सोनीपत जिले की 27 पंजीकृत गौशालाओं के लिए 5 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की 602 पंजीकृत गौशालाओं को यह अनुदान दिया जा रहा है, जिससे हजारों गौशालाओं में आश्रय ले रहे गौवंश को चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि पिछले सवा 11 वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत गौशालाओं को 457 करोड़ 41 लाख रुपये की अनुदान राशि दी गई थी और आज की राशि मिलाकर यह आंकड़ा बढक़र 525 करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक हो चुका है। यह सरकार की गौसंवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
गौशालाओं की संख्या और क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 तक प्रदेश में केवल 215 पंजीकृत गौशालाएं थीं, जिनमें लगभग 1 लाख 75 हजार गोवंश का पालन-पोषण हो रहा था। वर्तमान में 697 पंजीकृत गौशालाएं कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 4 लाख बेसहारा गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। यह वृद्धि प्रदेश सरकार की योजनाओं और समाज के सहयोग से संभव हुई है।
सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनेंगी गौशालाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 330 गौशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं और वर्ष 2026-27 तक सभी पंजीकृत गौशालाओं को सौर ऊर्जा आधारित परिसरों में परिवर्तित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त गौशालाओं को 2 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे उनके खर्च में कमी आएगी।
ई-रिक्शा और पंचगव्य आधारित उत्पादों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि गौशालाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया जारी है, जिससे गौशालाएं अपने उत्पादों की मार्केटिंग कर सकें और आय बढ़ा सकें। पंचगव्य आधारित उत्पादों—जैसे जैविक खाद, प्राकृतिक पेंट, दीया, धूपबत्ती, गोबर के गमले, गो अर्क आदि—के निर्माण हेतु आवश्यक मशीनरी के लिए 101 गौशालाओं को अनुदान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पंचगव्य आधारित उत्पादों के अनुसंधान और विकास के लिए पंचकूला स्थित हरियाणा गोवंश अनुसंधान केंद्र की स्थापना की गई है, जो नवाचार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
गौवंश के स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशालाओं में गौवंश के स्वास्थ्य की जांच के लिए नियमित पशु चिकित्सक ड्यूटी पर तैनात किए जा रहे हैं। तीन हजार से अधिक गौवंश वाली गौशालाओं में सप्ताह में एक दिन पशु चिकित्सक की ड्यूटी और छोटी गौशालाओं में वीएलडीए की सेवाएं सुनिश्चित की गई हैं। मोबाइल पशु चिकित्सालय की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
गौ-अभयारण्यों की स्थापना
प्रदेश को बेसहारा गौवंश से मुक्त करने के उद्देश्य से दो गौ-अभयारण्यों की स्थापना की गई है, जिनमें हजारों गोवंश को आश्रय देने की क्षमता है। इनके लिए करोड़ों रुपये की राशि जारी की जा चुकी है, जिससे इन गौ-अभयारण्यों में शेड, पानी और चारे की समुचित व्यवस्था की गई है।
समाज से सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संचालन में समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समारोह में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने फाल्गुन पूर्णिमा के पावन अवसर को प्रेरणा और सद्भावना का पर्व बताते हुए कहा कि जैसे होलिका दहन दुर्भावनाओं के अंत और प्रह्लाद की विजय अटूट विश्वास का प्रतीक है, उसी प्रकार गौसेवा सनातन संस्कृति की जीवंत साधना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा गौशालाओं के लिए प्रति गाय प्रतिदिन के आधार पर अनुदान सुनिश्चित करने तथा बजट में गौसेवा के लिए उदार प्रावधान करने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को विशेष शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गौमाता का संबंध भारत की सनातन संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से गहराई से जुड़ा हुआ है। हरियाणा की ताकत, युवाओं की शारीरिक क्षमता और सेना में उनकी उल्लेखनीय भागीदारी का आधार दूध, दही, घी और पशुपालन की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देसी गाय पालन को बढ़ावा देने के लिए 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की 600 से अधिक गौशालाओं के प्रतिनिधियों को साथ लेकर आए हैं, जो गौसेवा के प्रति सरकार की गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जोरदार स्वागत करते हुए कहा कि यह पावन अवसर सामाजिक समरसता, भक्ति और सकारात्मक सोच का प्रतीक है।
हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग ने समारोह में पहुंचने पर मुख्यमंत्री सहित मंत्रीगण व अन्य अतिथियों का धन्यवाद किया। इस मौके पर पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक निखिल मदान, विधायक देवेंद्र कादियान, विधायक पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा, पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ० प्रेम सिंह सहित अनेक गौभक्त व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

