Saturday, September 19, 2026
HomeदेशCM सैनी ने भिवानी में आधुनिक विमानन सुविधाओं का किया उद्घाटन

CM सैनी ने भिवानी में आधुनिक विमानन सुविधाओं का किया उद्घाटन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी स्थित चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन, सुरक्षा चौकी तथा कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी के विधायक  घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों, खिलाड़ियों और संतों की धरती और ‘छोटी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध भिवानी आज विकास के एक नए अध्याय की साक्षी बनी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल भवनों का उद्घाटन नहीं, बल्कि हरियाणा में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विस्तार और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हरियाणा को उत्तर भारत के प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसी कड़ी में हिसार एयरपोर्ट का तेजी से विकास किया जा रहा है और वहां से दिल्ली, अयोध्या, चंडीगढ़ व जयपुर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। जल्द ही हिसार से जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी उड़ानें आरंभ की जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी में चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर विकसित की गई नई सुविधाएं विमानों के सुरक्षित संचालन, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा विमानन सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में पायलटों और डॉक्टरों की कमी है जिन्हें पूरा करने के लिए सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा हरियाणा के 17 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं।

ट्रेनी पायलटों को किया सम्मानित

भिवानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने 200 घंटों की उड़ान पूरी करने वाले ट्रेनी पायलटों को बैज लगाकर सम्मानित किया और ट्रेनिंग पूरी करने पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस एरोड्रम से 120 ट्रेनी पायलटों ने प्रशिक्षण पूरा किया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए।

आधुनिक दो-सीटर जायरोकॉप्टर का भी प्रदर्शन किया

इस अवसर पर आधुनिक और लग्जरी श्रेणी के दो-सीटर जायरोकॉप्टर का भी प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री सैनी ने स्वयं इस जायरोकॉप्टर में बैठकर देखा और इसकी तकनीक व सुविधाओं की जानकारी ली। यह जायरोकॉप्टर व्यक्तिगत हवाई यात्रा, एरियल टूरिज्म, निगरानी एवं सर्वेक्षण, फोटोग्राफी और वीडियो शूट तथा पायलट प्रशिक्षण जैसे कार्यों में काफी उपयोगी है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular