Tuesday, November 24, 2026
HomeहरियाणाCM नायब सैनी बोले- गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता...

CM नायब सैनी बोले- गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं केवल किसी एक धर्म, समाज या समय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को सत्य, सेवा, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। गुरु साहिब ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारों को चुनौती देते हुए कहा कि परमात्मा की बनाई इस दुनिया में हर इंसान बराबर है।

मुख्यमंत्री सोमवार देर शाम यमुनानगर स्थित कपालमोचन की पावन धरती पर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दूर-दूर से पहुंचे साध-संगत का अभिनंदन करते हुए प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत को आकाश में साकार होते दिखाया गया। इसमें श्री गुरु नानक देव जी का सत्य, सेवा और समानता का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का शौर्य प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने श्राईन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की सहायता की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थराज कपालमोचन हमारी साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत प्रतीक है। महाभारत और पुराणों की परंपराओं में भी इस तीर्थ का उल्लेख मिलता है। श्री गुरु नानक देव जी ने भी इस पावन स्थल पर अपने चरण रखे थे। भंगाणी के युद्ध के बाद दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का यहां 52 दिनों तक ठहरना इस भूमि के सिख इतिहास से गहरे संबंध को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृति और उनके महान संदेश को देशभर में सम्मान देने के अनेक कार्य किए हैं। वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550 वां प्रकाश पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। सुल्तानपुर लोधी को विरासत शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक से श्री करतारपुर साहिब गलियारे का विकास किया गया, जिसके लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिख गुरुओं की शिक्षाओं और उनके महान योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने मेला श्री कपाल मोचन-आदिबद्री परिसर में स्थित 32 धर्मशालाओं के विकास कार्यों के लिए श्राईन बोर्ड को 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की तथा विधायक रखी गई मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया। साढौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने समारोह में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, साढौरा की विधायक रेणु बाला, रतिया के विधायक सरदार जरनैल सिंह, पूर्व विधायक बलवन्त सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, पिंड मानुका गिल मोगा के बाबा गोबिन्द सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी, बंजारा,घुमंतू विमुक्त जाति के चेयरमैन सरदार जसमेर सिंह सहित भाजपा नेतागण व प्रशासन के अधिकारीगण, लाखों की संख्या में श्रद्घालु उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular