Saturday, September 21, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में कमल खिलाने के लिए सीएम मनोहर लाल ने बनाई ये...

रोहतक में कमल खिलाने के लिए सीएम मनोहर लाल ने बनाई ये दमदार रणनीति, विपक्ष की बढ़ेगी मुसीबत

रोहतक। रोहतक में लोकसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी अभी से पूरे चुनावी मोड़ में चल रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा संगठन के पदाधिकारियों ने रोहतक ही नहीं पूरे प्रदेश की सभी दस सीटों पर जीत हासिल करने के लिए अलग-अलग तरह से दमदार रणनीति बनाई है। सीएम ने रोहतक दौरे के दौरान मंगलवार देर रात पार्टी मुख्यालय में लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ मंथन किया था और दोबारा से रोहतक में कमल खिलाने की रणनीति बनाई गई थी। इस दौरान निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक जनता के बीच रह कर उनकी समस्याएं दूर करने का प्रयास करें।

मुख्यमंत्री के साथ पदाधिकारियों ने किया मंथन

मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, सांसद डा. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शमशेर खरकड़ा, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका के अलावा झज्जर जिला के अध्यक्ष मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के साथ पदाधिकारियों ने काफी समय तक मंथन किया और अपने-अपने सुझाव दिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि रोहतक में 2019 की तरह फिर से कमल खिलाना है। पिछले चुनाव में जीत का मार्जन कम रहा, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए बूथ को मजबूत करना होगा। पिछले चुनाव में बूथ स्तर पर वोटों की समीक्षा की जरूरत है, जहां हम कमजोर रहे, वहीं ज्यादा मेहनत करनी होगी।

संगठन को लेकर दिशा-निर्देश दिए

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संगठन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा तो इसका पार्टी संगठन को लाभ होगा। सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ लगातार संवाद होना चाहिए ताकि अन्य लोगों को भी सरकार की नीतियों पर विश्वास हो। पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल सिंचाई विश्राम गृह पहुंचे। जहां पहले से काफी लोग मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए इंतजार कर रहे थे। देर रात होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने लोगों को निराश नहीं किया।

मुख्यमंत्री ने न केवल उनसे मुलाकात की बल्कि समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री देर रात सोने के बावजूद बुधवार सुबह जल्दी उठे और कुछ कार्यकर्ताओं से मुलाकत करने के बाद हिसार के लिए रवाना हो गए। हिसार जाते समय महम में भी कुछ देर रहें, जहां विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular