Saturday, August 23, 2025
Homeहरियाणामुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 67 गौशालाओं को सौंपे 7 करोड़ 2...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 67 गौशालाओं को सौंपे 7 करोड़ 2 लाख रुपए के चारा अनुदान राशि के चेक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण और गौ संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं को चारे के लिए वित्तीय अनुदान के साथ-साथ उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री शनिवार को जिला फतेहाबाद में श्री कृष्ण गौशाला, बड़ोपल में गौशालाओं को चारा अनुदान राशि वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

समारोह में मुख्यमंत्री ने राजेंद्रानंद महाराज को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके जीवन को प्रेरणा स्‍त्रोत बताते हुए नागरिकों से आह्वान किया कि वे उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने गौशाला प्रांगण में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत त्रिवेणी लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला की 67 गौशालाओं को 7 करोड़ 2 लाख रुपये के चारा अनुदान राशि के चैक गौशाला प्रबंधकों को सौंपे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश की 605 गौशालाओं के लिए कुल 88 करोड़ 50 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी की जा रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव बड़ोपल के विकास के लिए 21 लाख रुपये देने और बड़ोपल में वन्य जीव उपचार केंद्र का नाम श्री राजेंद्रानंद महाराज के नाम पर करने की घोषणा की। साथ ही मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए रखी गई छः मांगों को विभागीय स्तर पर फिजिबिलिटी चेक करने उपरांत पूरा करने की भी घोषणा की।

समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण और पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री  रणबीर सिंह गंगवा और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने गौशाला बड़ोपल को 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में डबल इंजन सरकार गाय, गीता और गंगा के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं को चारे के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए मांग अनुसार मशीनरी खरीद के लिए मदद दी जा रही है। पंचगव्य उत्पादन के लिए 101 गौशालाओं को 6 करोड़ 50 लाख रुपये की मशीन खरीदने की अनुदान राशि दी गई है।

उन्होंने कहा कि साढ़े 10 वर्षों में चारे के लिए 358 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि अनुदान के रूप में दी जा चुकी है। 330 गौशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट लगाए गए हैं और शेष बची गौशालाओं में यह काम शीघ्र शुरू करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देसी नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए राष्ट्रीय गोकुल मिशन लागू किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 तक प्रदेश में केवल 215 पंजीकृत गौशालाओं में एक लाख 75 हजार गौवंश था। प्रदेश सरकार ने पिछले दस वर्षों में इसमें ईजाफा किया है और इस समय प्रदेश में 686 पंजीकृत गौशालाएं हैं। इनमें 4 लाख बेसहारा गौवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। वर्ष 2014-15 में गौ सेवा आयोग के लिए केवल 2 करोड़ रुपये का बजट था, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर 595 करोड़ रुपये किया है। प्रदेश सरकार ने गौवंश के पुनर्वास के लिए 200 गौशालाओं को शैड बनाने के लिए दस लाख रुपये प्रति गौशाला को अनुदान दिया है। इनमें से 51 गौशालाओं में शैड बनकर तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को 800 ई-रिक्शा दी जाएगी। इसके लिए खरीद प्रक्रिया जारी है।

समारोह में कृषि तथा किसान कल्याण एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति से जुड़ी है। गाय का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व है। देसी गाय के दूध में औषधीय गुण है और गाय में पांच तत्व है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम करने का एकमात्र उद्देश्य यह भी है कि गौमाता की सेवा के प्रति लोगों में जन जागरण और जागरूकता पैदा हो। हर घर में गाय का स्थान हो, इसी भावना के साथ नागरिकों को अपना योगदान गौ संरक्षण और गौ संवर्धन के लिए देना चाहिए।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, विधायक  रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री  देवेंद्र बबली, हरियाणा अनुसूचित आयोग के चेयरमैन प्रो. रविन्द्र बलियाला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular