पानीपत। हरियाणा कांग्रेस के समालखा से विधायक धर्म सिंह छौक्कर की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। ईडी ने धर्म सिंह छौक्कर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही ईडी ने गुरुग्राम स्थित कई संपत्ति को सीज कर दिया है।
कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर के समालखा, गुरुग्राम आवास पर ED की रेड तीन दिन चली थी। गुरुग्राम में इनकी माहिरा होम्स प्रोजेक्ट की समस्त प्रॉपर्टी और ऑफिस को ED ने सीज किया गया है। इसके अलावा 2 फॉर्च्यूनर, एक मर्सिडीज़ G वैगन और एक मर्सिडीज़ क्लासिक यानी कुल 4 गाड़ियां, 14.5 लाख कैश और साढ़े 4 लाख की ज्वेलरी भी जब्त की गई थी।
इधर MLA धर्म सिंह छौक्कर और विधायक का बेटा ईडी की रेड के पहले दिन से ही फरार चल रहे हैं। वे दोनों ईडी की रेड की सूचना के बाद से ही अंडरग्राउंड हो गए हैं। दोनों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। इधर विधायक के समर्थकों में ईडी की कार्रवाई से रोष है। विधायक छौक्कर को हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता है।
बता दें कि, ईडी ने मंगलवार, 25 जुलाई को विधायक धर्म सिंह छौक्कर के गुरुग्राम और पानीपत के समालखा स्थित आवास पर रेड की थी। यह रेड 3 दिन तक चली थी। इसमें ईडी को काफी सबूत मिले थे, हालांकि समालखा स्थित मकान पर ईडी को कुछ हाथ नहीं लगा था, लेकिन गुरुग्राम स्थित बंगले पर कई गाड़ियों को जब्त कर लिया था।
छापेमारी के दौरान एक महिला अधिकारी भी जांच टीम में शामिल थी। रेड के दौरान विधायक के परिवार के सदस्यों के साथ कुछ बच्चे भी घर पर थे। रेड खत्म होने के बाद ED ने कहा- 25 जुलाई को ED ने समालखा, गुरुग्राम और दिल्ली में M/s साई आईना फॉर्म्स प्राइवेट लिमिटेड (अब माहिरा इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड) और माहिरा ग्रुप की दूसरी कंपनियों में 11 लोकेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इन कंपनियों के मालिक और नियंत्रण समालखा विधायक धर्म सिंह छौक्कर और उनकी कंपनी के पास है।
ED सूत्रों के मुताबिक विधायक से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग का विवाद मंगलवार को गुरुग्राम पुलिस की तरफ से दर्ज FIR के बाद शुरू हुआ। जिसमें गुरुग्राम पुलिस ने साई आइना फर्म्स प्राइवेट लिमिटेड को धोखाधड़ी का आरोपी बनाया था। इस केस में कहा गया कि इस फर्म ने 1,497 लोगों से घर के बदले 360 करोड़ रुपए ले लिए। इन लोगों को दिल्ली के नजदीक गुरुग्राम के सेक्टर 68 में घर बनाकर देने का भरोसा दिया गया। हालांकि उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया।
ED के मुताबिक इस पूरे सर्च ऑपरेशन के दौरान विधायक धर्म सिंह छौक्कर, उनके बेटे सिकंदर और विकास के अलावा कंपनियों के महत्वपूर्ण कर्मचारी गैरहाजिर रहे। यही नहीं, ये लोग अभी तक ED की जांच में भी शामिल नहीं हुए। बता दें, कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर के बेटे का गुरुग्राम में रियल एस्टेट का काम है। कांग्रेस विधायक के बेटे की कंपनी पर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं। पिछले दिनों उनकी कंपनी के रास्ते को लेकर विवाद हुआ था।