Friday, February 20, 2026
HomeहरियाणारोहतकBudget Session : हरियाणा विधानसभा में गूंजेगा शिवाजी कॉलोनी मार्केट और कच्चा...

Budget Session : हरियाणा विधानसभा में गूंजेगा शिवाजी कॉलोनी मार्केट और कच्चा बेरी रोड अंडरपास का मुद्दा

Budget Session : विधायक भारत भूषण बत्रा हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में अपने रोहतक से जुड़े दो अहम मुद्दे जोरदार तरीके से उठाने वाले हैं। विधायक ने शिवाजी कॉलोनी मार्केट की 41 दुकानों और कच्चा बेरी रोड पर प्रस्तावित अंडरपास को लेकर सरकार से तारांकित प्रश्न के माध्यम से जवाब मांगा है।

बत्रा ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका कहना है कि जनसेवा उनके लिए राजनीति नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है । उन्होंने कहा कि 25 साल से जो दुकानदार किराया दे रहे है अब उनके मालिकाना हक पर सवाल उठाए जा रहे है। शिवाजी कॉलोनी मार्केट को लेकर बत्रा ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री से पूछा है कि क्या 41 दुकानें नगर निगम रोहतक की हैं और क्या उनका हस्तांतरण ‘राइट ऑफ वे’ के आधार पर रोका गया था? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि संबंधित सड़क क्या कभी पीडब्ल्यूडी के अधीन थी या वह नगर निगम की ही है, जिसने इन दुकानों का निर्माण किया था?

बत्रा ने सदन में यह भी जानना चाहा है कि जब 25 वर्षों से अधिक समय से नगर निगम इन दुकानों का किराया वसूल रहा है, तो क्या सरकार दुकानदारों को विशेष मामले के रूप में मालिकाना हक देने पर विचार कर रही है? बत्रा का कहना है कि दशकों से किराया देने वाले व्यापारियों को अनिश्चितता में रखना न्यायोचित नहीं है।

इसके साथ ही विधायक बतरा ने कच्चा बेरी रोड पर अंडरपास से संबंधित सवाल पूछते हुए सरकार से समय सीमा भी पूछी है। शहर में लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए बत्रा ने कच्चा बेरी रोड पर रेलवे लेवल क्रॉसिंग के पास अंडरपास निर्माण को लेकर लोक निर्माण मंत्री से सवाल पूछा है। उन्होंने सरकार से जानकारी मांगी है कि क्या अंडरपास का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है? इस विषय में क्या रेलवे से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है? उन्होंने पूछा है कि निर्माण के लिए कितनी राशि स्वीकृत या प्रस्तावित है? इसके साथ ही यह कार्य कब शुरू होगा और कब तक पूरा होने की संभावना है?

बत्रा ने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने पर शहर में लंबा जाम लग जाता है, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों और आम लोगों को परेशानी होती है। अंडरपास बनने से ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा।

विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि वे रोहतक के विकास और नागरिकों के अधिकारों के लिए सदन के भीतर और बाहर निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन दोनों मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देगी और सकारात्मक निर्णय लेगी।

RELATED NEWS

Most Popular