Tuesday, August 25, 2026
Homeदेशराज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी रेखा शर्मा ने नामांकन...

राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी रेखा शर्मा ने नामांकन किया दाखिल

चंडीगढ़ : हरियाणा में राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी  रेखा शर्मा ने मंगलवार को अपना नामांकन हरियाणा विधानसभा में दाखिल किया। उन्होंने अपना नामांकन रिटर्निंग अधिकारी अशोक कुमार मीणा को सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महीपाल ढांडा सहित विधायक और भाजपा नेता उपस्थित थे।

नामांकन प्रक्रिया के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्यसभा सांसद  कृष्ण लाल पंवार के विधायक चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके लिए आज रेखा शर्मा ने अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने रेखा शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि वे पार्टी की बहुत सीनियर नेता है और वह लंबे समय से धरातल पर पार्टी को मजबूत करने का काम करती रही हैं। पूर्व में वे महिला आयोग की चेयरपर्सन भी रही हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता को राज्यसभा में भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षश्री जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रेखा शर्मा राज्यसभा में हरियाणा का पक्ष मजबूती से रखेंगी, जिसका हरियाणा को बहुत लाभ मिलेगा।

कांग्रेस व अन्य दल किसानों के नाम पर राजनीति ढूंढ रहे, जो दुर्भाग्यपूर्ण : सैनी

किसान आंदोलन के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हमारे आदरणीय है। मैं भी एक गरीब किसान का बेटा हूं, मुझे किसानों की समस्याओं का पता है। मेरे लिए ये गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री ने एक गरीब किसान के बेटे को हरियाणा की जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 सालों में किसानों को सशक्त और मजबूत करने का काम किया है। जबकि कांग्रेस व अन्य दल किसानों के नाम पर राजनीति ढूंढ रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। किसान के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

 नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने ये दुष्प्रचार किया कि भाजपा सरकार एमएसपी बंद कर देगी। जबकि सच्चाई तो ये है कि एमएसपी बंद नहीं हो रही, कांग्रेस की दुकानदारी बंद हो रही है और जब दुकानदारी बंद होती है तो पीड़ा होती है। इसलिए ऐसा दुष्प्रचार होता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में किसानों की शत-प्रतिशत फसल को एमएसपी पर खरीदने का काम किया है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री हर वर्ष फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में सरकार है। कांग्रेस अपनी सरकार को कहे कि अपने राज्यों में किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदने का काम करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के किसानों को आश्वस्त करें कि उनकी फसल एमएसपी पर खरीदने का काम करेंगे।

हिसार एयरपोर्ट जल्द होगा शुरू

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का काम अंतिम चरणों में है और यह जल्द ही शुरू हो जाएगा। इस एयरपोर्ट के संचालित होने से हिसार के आसपास इंडस्ट्रियल हब बनने सहित विकास के अन्य कई रास्ते खुलेंगे, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और इस क्षेत्र को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट से हरियाणा के साथ-साथ पंजाब और राजस्थान को भी बड़ा फायदा होगा।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular