Monday, May 18, 2026
Homeहरियाणारोहतकसावधान रहें! इस बार मानसून से पहले डेंगू...

सावधान रहें! इस बार मानसून से पहले डेंगू…

  • अभी तक एक केस दर्ज हुआ, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष अभियान

कविता.रोहतक : जिले में मानसून आने से पहले ही डेंगू ने दस्तक दे दी है। जिले में डेंगू के शुरुआती मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बढ़ती गर्मी, उमस और बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

इसी को देखते हुए विभाग ने शहर और गांव दोनों क्षेत्रों में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पुराने टायर और खुले बर्तनों में जमा पानी की जांच की जा रही है। जहां डेंगू मच्छर का लार्वा मिल रहा है, वहां लोगों को तुरंत सफाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। कई जगहों पर नोटिस भी जारी किए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में जिले में डेंगू के मरीज बढ़ जाते हैं। इसलिए इस बार बीमारी फैलने से पहले ही रोकथाम पर जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को लगातार जागरूक भी कर रहा है ताकि समय रहते सावधानी बरती जा सके।

आखिर क्यों बढ़ रहा है डेंगू का खतरा

डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है। घरों में रखे कूलर, फूलदान, छतों पर पड़े बर्तन, पानी की टंकियां और पुराने टायर इसके लिए सबसे सुरक्षित जगह बन जाते हैं। इस बार मौसम में लगातार बदलाव और बढ़ती उमस के कारण मच्छरों को तेजी से बढ़ने का मौका मिल रहा है। विभाग को आशंका है कि मानसून शुरू होने के बाद डेंगू के मामले और बढ़ सकते हैं।

घर-घर जाकर हो रही जांच

स्वास्थ्य विभाग की टीमें कॉलोनियों और गांवों में लगातार सर्वे कर रही हैं। कूलर का पानी देखा जा रहा है, छतों और आंगन में पड़े बर्तनों की जांच हो रही है, टंकियों और गमलों में लार्वा तलाशा जा रहा है, लोगों को सफाई रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है, जहां लार्वा मिल रहा है, वहां तुरंत सफाई करवाने के साथ नोटिस भी दिए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य कर्मचारी संभाल रहे जिम्मेदारी

गांवों और शहरों में स्वास्थ्य कर्मचारी लोगों को डेंगू से बचाव के तरीके बता रहे हैं। स्वास्थ्य टीमें लोगों को समझा रही हैं कि थोड़ी सी सावधानी बीमारी से बचा सकती है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि , सप्ताह में एक दिन ड्राई डे रखें, कूलर का पानी नियमित बदलें, घर के आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, बच्चों को मच्छरों से बचाकर रखें।

ये लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से बुखार को नजरअंदाज न करने की अपील की है। अगर किसी को, तेज बुखार, सिर दर्द, आंखों में दर्द, शरीर में दर्द, ज्यादा कमजोरी जैसी परेशानी हो तो तुरंत अस्पताल में जांच करवानी चाहिए। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से डेंगू को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

पिछले वर्षों में कितने मिले डेंगू मरीज

  • 2022 में  250 केस
  • 2023 में 300 केस
  • 2024 में 216 केस
  • 2025 में 200 केस
  • 2026- 1 केस अभी तक
RELATED NEWS

Most Popular