Rohtak News : 69वीं अंडर-19 राष्ट्रीय लड़कों की बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 2 से 6 जनवरी 2026 तक बाड़मेर (राजस्थान) में किया गया जिसमें हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहतक जिले के दो होनहार खिलाड़ी आर्यन एवं सागर (कक्षा 12वीं) ने रोहतक जिले के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉक्टर जनक राज ने बताया कि लीग मुकाबलों में हरियाणा की बास्केटबॉल टीम का प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली रहा, पहले लीग मैच में हरियाणा ने आईबीएसओ टीम को 36 के मुकाबले 72 अंकों से पराजित किया, दूसरे मुकाबले में हरियाणा ने चंडीगढ़ को कड़े संघर्ष में 72 के मुकाबले 81 अंकों से शिकस्त दी, तीसरे लीग मैच में झारखंड के विरुद्ध हरियाणा ने 25 के मुकाबले 62 अंकों से एकतरफा जीत दर्ज की।

प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने छत्तीसगढ़ को 38 के मुकाबले 82 अंकों से पराजित किया, क्वार्टर फाइनल में पश्चिम बंगाल के खिलाफ हरियाणा ने 38 के मुकाबले 79 अंकों से शानदार जीत दर्ज की, सेमीफाइनल मुकाबला हरियाणा एवं दिल्ली के बीच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें हरियाणा ने 73 के मुकाबले 77 अंकों से विजय प्राप्त कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में हरियाणा टीम का सामना मेज़बान राजस्थान से हुआ, जिसमें कड़े एवं संघर्षपूर्ण मुकाबले में हरियाणा को 66 के मुकाबले 71 अंकों से हार का सामना करना पड़ा। इस प्रकार हरियाणा टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
आर्यन एवं सागर श्री राम यूनिवर्सल स्कूल, भालौठ के विद्यार्थी हैं, दोनों खिलाड़ी विगत कई वर्षों से अनुभवी बास्केटबॉल कोच संदीप हुड्डा के कुशल मार्गदर्शन में निरंतर अनुशासन, कठिन परिश्रम एवं समर्पण के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उनकी तकनीकी दक्षता, खेल-समझ और टीम भावना का प्रतिफल रहा कि हरियाणा की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक (सिल्वर मेडल) अर्जित किया l
इस शानदार उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) संजय मलिक, एईईओ राकेश सिवाच सहित अन्य शिक्षा एवं खेल अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों व कोच को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

