Saturday, February 28, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक के सभी आईएमटी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होगी, DC ने...

रोहतक के सभी आईएमटी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होगी, DC ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर की सभी आईएमटी क्षेत्रों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने कहा कि उद्योग-अनुकूल एवं सशक्त औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाते हुए शहर के तीनों इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) क्षेत्रों में अवसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु एक व्यापक एवं समयबद्ध रोडमैप तैयार किया गया है। इस पहल का उद्देश्य उद्योगों को स्थिर, कुशल एवं विकास-उन्मुख वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे विस्तार कर सकें और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हो सके।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में औद्योगिक एसोसिएशनों एवं संबंधित विभागों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा एचएसआईआईडीसी, नगर निगम, पुलिस, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शहर की हिसार रोड स्थित आईडीसी, आईडीसी कुताना तथा आईएमटी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति करने के प्रबंध किए जाए ताकि उत्पादन प्रभावित न हो।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन सभी आईएमटी क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, वर्षा जल निकासी तथा आंतरिक सडक़ों सहित प्रमुख नागरिक एवं औद्योगिक अवसंरचना का योजनाबद्ध एवं समयबद्ध उन्नयन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि हिसार रोड स्थित आईएमटी क्षेत्र में पाईपलाईन डालने के कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण किया जाए तथा इसका वर्कचार्ट भी उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में शुद्ध व पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के प्रबंध किए जाए। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक में ठेकेदार को भी बुलाया जाए ताकि मौके पर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में समीक्षा की जा सके।
सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईडीसी में अवैध कब्जों को तुरंत हटाया जाए। पुलिस द्वारा भी विशेष अभियान चलाकर अनाधिकृत दुकान इत्यादि को बंद करवाया जाए। पुलिस द्वारा गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के चालान किए जाए तथा आईएमटी में सुरक्षा के दृष्टिगत सुबह व शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने आईडीसी कुताना में निर्माणाधीन सामुदायिक केंद्र में गुणवत्ता की निर्माण सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा 5 मार्च को प्रॉपर्टी आईडी में शुद्धिकरण के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा ताकि औद्योगिक इकाइयों की प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों को ठीक किया जा सके।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी आईएमटी क्षेत्र में शुद्ध व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रबंध करें। आईएमटी क्षेत्र में डिस्पेंसरी को शीघ्र शुरू किया जाए। इस क्षेत्र में ईएसआई क्षेत्र की चारदीवारी का कार्य चालू है तथा फायर बिग्रेड स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। औद्योगिक क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा उपलब्ध करवाने एवं वीटा बूथ स्थापित करवाने बारे भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रवि खुडिया, एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक राजीव कुमार डागर, सम्पदा प्रबंधक ललित जोरा, एमएसएमई के उपनिदेशक कपित मित्तल, एटीपी वैशाली, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया, सत्यवर्त,  रोहतक आईडीसी इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रधान एसके खटोड, आईएमटी एसोसिएशन के प्रधान जोगेंद्र नांदल के अलावा अंकुश जैन, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम से योगेश कुमार व रामप्रसाद, एचवीपीएन से इन्द्र खेड़ा, निखिल नारंग, मोहित जैन, संदीप नांदल, अंशु, प्रदीप ढुल, राहुल, सतीश कुमार, नवीन, सचिन, कृष्ण, विकास कुमार आदि मौजूद रहे।
RELATED NEWS

Most Popular