रोहतक : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने कहा कि 18 मार्च को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की बार काउंसिल के चुनाव के लिए सभी प्रबंध कर लिये गए है। जिला में इस चुनाव के लिए 6 मतदान केंद्र बनाये गए है तथा जिला में 4166 मतदाता दर्ज है।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की बार काउंसिल के चुनाव के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी दे रहे थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्री निवासन ने सभी उपायुक्तों से बार काउंसिल के चुनाव के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल के चुनाव के लिए मंडल आयुक्त के ओएसडी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में चुनाव स्टाफ को प्रथम प्रशिक्षण दिलवाया जा चुका है तथा द्वितीय प्रशिक्षण 17 मार्च को दिलवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय न्यायिक परिसर में इस चुनाव के लिए 6 मतदान केंद्र स्थापित किए गए है। प्रशासन द्वारा 6 मतदान पार्टियां तथा दो आरक्षित पार्टियां गठित की गई है। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल के चुनाव शांतिपूर्वक व निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के दृष्टिगत सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है।
उपायुक्त के निर्देशानुसार चुनाव स्टाफ को दिया गया प्रशिक्षण
सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार चुनाव कार्यालय द्वारा चुनाव स्टाफ को चुनाव प्रक्रिया का प्रथम प्रशिक्षण दिया गया। स्थानीय जिला परिषद के हॉल में चुनाव के नोडल अधिकारी मंडलायुक्त के ओएसडी शुभम की अध्यक्षता में चुनाव तहसीलदार सरला ने चुनाव प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। इस चुनाव के लिए प्रत्येक मतदान पार्टी में पांच सदस्य शामिल किए गए है तथा चुनाव के लिए दो आरक्षित मतदान पार्टियों सहित 8 मतदान पार्टिया गठित की गई है। इन पार्टियों को 17 मार्च को द्वितीय प्रशिक्षण दिया जायेगा।

