Friday, September 11, 2026
Homeहरियाणारोहतकबैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल: लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन, कई शाखाओं...

बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल: लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन, कई शाखाओं में कामकाज प्रभावित; ग्राहक परेशान

रोहतक : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को विभिन्न बैंक कर्मचारी यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल की। वहीं रोहतक शहर में इस दौरान बैंक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार तथा बैंक प्रबंधन से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों का समाधान होने तक वे अपने स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगे।

रोहतक में प्रदर्शन करते हुए बैंक कर्मचारी।

हड़ताल के कारण शहर में सरकारी बैंकों की कई शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। बैंक शाखाओं में कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने के कारण जरूरी बैंकिंग कार्य कराने पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से चेक संबंधी कार्य, दस्तावेज जमा कराने और शाखा स्तर पर होने वाले अन्य कामों के लिए पहुंचे लोगों को वापस लौटना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) के भुगतान में व्याप्त विसंगतियों को दूर करना और 8 मार्च 2024 को हुए समझौते को लागू करना शामिल है।

वहीं हड़ताल के मद्देनजर भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों को जरूरी सलाह दी है। बैंक ने नकदी की जरूरत के लिए ATM/ADWM और ग्राहक सेवा केंद्रों का इस्तेमाल करने तथा इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील की।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular