Monday, May 20, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा में एशियन खेल विजेताओं को सम्मान, सीएम ने किया दो नई...

हरियाणा में एशियन खेल विजेताओं को सम्मान, सीएम ने किया दो नई शूटिंग रेंज खोलने का एलान

- Advertisment -

सीएम ने कहा कि एशियन गेम्स में देश ने 107 पदक जीते हैं। इनमें 33 पदक हरियाणा के 44 खिलाड़ी लेकर आए हैं। इनमें से 22 खिलाड़ियों को कार्यक्रम में सम्मानित किया है। देश को कुल 41 फीसदी तक पदक दिलाने में हरियाणा का योगदान है।

- Advertisment -

करनाल। हरियाणा के करनाल में हुए राज्य स्तरीय समारोह में सीएम मनोहर लाल ने एशियन गेम्स में हरियाणा का डंका बजाने वाले 22 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कर्ण स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जहां मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता को तीन करोड़, रजत पदक विजेता को 1.5 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और नौकरी का ऑफर लेटर देकर सम्मानित किया।

सीएम ने कहा कि एशियन गेम्स में देश ने 107 पदक जीते हैं। इनमें 33 पदक हरियाणा के 44 खिलाड़ी लेकर आए हैं। इनमें से 22 खिलाड़ियों को कार्यक्रम में सम्मानित किया है। देश को कुल 41 फीसदी तक पदक दिलाने में हरियाणा का योगदान है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार की तरफ से पंचकूला में और झज्जर में दो नई शूटिंग रेंज खोली जाएंगी। फरीदाबाद और यमुनानगर में तीरंदाजी रेंज खोलेंगे। इसके अलावा पदक विजेताओं को वीटा घी का एक-एक टीन देने का भी एलान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन केवल सम्मान का ही नहीं गर्व और आभार का भी दिन है। हरियाणा के खिलाड़ियों पर हमें गर्व है जिनके आभार स्वरूप हम सब यहां इकट्ठा हुए हैं। देश द्वारा जीते गए किसी भी प्रतियोगिता में 41 फीसदी तक मेडल हरियाणा के युवा लेकर आते हैं। हमारे खिलाड़ी आने वाले भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत का काम करते हैं। घर से निकलकर जब एक खिलाड़ी खेल के मैदान तक पहुंचता है तो पूरा गांव एक साथ टीवी लगाकर उसका मैच देखता है। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर नहीं पहुंचे लेकिन वीडियो के माध्यम से उन्होंने अपना संदेश और खिलाड़ियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्रालय ने खेलो इंडिया के 15 सेंटर की भी मंजूरी दी है। जिनमें से आज 10 समर्पित किए गए। पदक विजेताओं के अलावा भाग लेने वाले खिलाड़ियों को हरियाणा सरकार सम्मानित कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि हर क्षेत्र में हर खेल में नए खिलाड़ी आए ताकि पूरे विश्व में भारत और भारत में हरियाणा का नाम रोशन हो। भारत में खेल के मामले में हरियाणा नंबर वन, रियो ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स तक हर प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपना परचम लहराया है।

देश को ट्रैक एंड फील्ड का पहला गोल्ड मेडल हरियाणा के ही नीरज चोपड़ा ने दिलाया था। ओलंपिक विजेताओं को 6 करोड़ की राशि पूरी दुनिया में सर्वाधिक है। आज भी स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये की राशि से सम्मानित किया गया। गांव तक खेलों के सभी उपकरण पहुंचे इसके लिए सरकार ने नई नीति बनाई है। खेलों की अन्य एसोसिएशन को भी इनाम के दायरे में लाने का काम कर रहे हैं। जिससे दूसरे सामान्य खेल भी आगे बढ़ सकें।

सीएम ने बताया कि पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, फरीदाबाद और पलवल में केंद्रों का उद्घाटन हो चुका है। हिसार, सिरसा, सोनीपत और करनाल में जल्द ही सेंटर खोले जाएंगे। इन सेंटरों को बढ़ाने के लिए 5 लाख रुपए की भी स्वीकृति मिली है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular