Thursday, October 1, 2026
Homeखेल जगतएशिया कप की स्टार शेफाली वर्मा का रोहतक में सम्मान, बोलीं- बोलीं-...

एशिया कप की स्टार शेफाली वर्मा का रोहतक में सम्मान, बोलीं- बोलीं- तिरंगा लहराना सबसे गर्व का क्षण

रोहतक : वूमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारत की स्टार ओपनर एवं रोहतक की बेटी शेफाली वर्मा का उनके रोहतक स्थित निवास पर जिला प्रशासन की ओर से सम्मान किया गया। उपायुक्त सतबीर सिंह ने शेफाली वर्मा को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि शेफाली वर्मा ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से न केवल रोहतक, बल्कि पूरे हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबले में शेफाली ने मात्र 24 गेंदों में तेज अर्धशतक लगाकर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत शुरुआत प्रदान की। उपायुक्त ने कहा कि शेफाली वर्मा हरियाणा की बेटी और रोहतक की शान हैं। उनकी उपलब्धि जिला की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वर्तमान में आयोजित एशियन गेम्स में भी हरियाणा के खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर भारतीय दल की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सतबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए नकद पुरस्कारों के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे वे खेलों में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

पोडियम पर तिरंगा लहराते देखना सबसे गर्व का क्षण:- शेफाली वर्मा

शेफाली वर्मा ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का तिरंगा ऊंचा लहराते देखना और राष्ट्रगान सुनना उनके लिए सबसे गर्व और खुशी का क्षण होता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वह भविष्य में भी देश, प्रदेश और रोहतक का नाम रोशन करती रहें। शेफाली ने कहा कि परिवार ने बचपन से ही उन्हें क्रिकेट के लिए प्रोत्साहित किया। बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में टीम के लिए योगदान देने का अवसर मिलना भी उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों और विशेषकर बेटियों से खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह, शेफाली वर्मा के परिजन तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular