चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने नवगठित हांसी जिले में प्रशासनिक कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए बजट सत्र 2026 से पहले सभी जरूरी पद सृजित करने की कवायद शुरू कर दी है।
मुख्य सचिवअनुराग रस्तोगी द्वारा सभी प्रशासनिक सचिवों को जारी पत्र में कहा गया है कि नए जिले की प्रशासनिक संरचना को सुदृढ़ करने हेतु ग्रुप-ए, बी, सी तथा ग्रुप-डी श्रेणियों के अंतर्गत आवश्यक पदों का सृजन किया जाएगा।
सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन पदों की आवश्यकता का आकलन करें और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करें। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी जरूरी पद निर्धारित समय-सीमा के भीतर सृजित किए जाएं।
इसके अतिरिक्त, इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट यथाशीघ्र मानव संसाधन विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बजट सत्र से पूर्व हांसी जिले की प्रशासनिक व्यवस्था पूर्ण रूप से सुदृढ़ हो सके।

