- आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करें अपना प्रवेश-पत्र
- नशीले पदार्थों का सेवन अथवा कब्जे में मिलने पर संबंधित अभ्यार्थी होगा अयोग्य घोषित
- जानकारी व सहायता के लिए जारी किये गए हेल्पलाइन नंबर
रोहतक : मुख्यालय आरटीजी जोन, अंबाला के अंतर्गत भर्ती वर्ष 2027 के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 20 से 27 जुलाई 2026 तक रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में किया जाएगा।
रोहतक भर्ती कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि यह भर्ती रैली सोनीपत, पानीपत, झज्जर एवं रोहतक जिलों के उन अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है, जिन्होंने ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त हरियाणा के सभी जिलों के उन अभ्यर्थियों की भी इसी भर्ती रैली में स्क्रीनिंग की जाएगी, जिन्होंने केंद्रीय श्रेणी के अंतर्गत जूनियर कमीशंड अधिकारी (धार्मिक शिक्षक), हवलदार शिक्षा, जूनियर कमीशंड अधिकारी कैटरिंग तथा हवलदार सर्वे ऑटो कार्टो पदों के लिए ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है।
प्रवक्ता ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी 14 जुलाई से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लें तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं प्रमाण-पत्रों के साथ भर्ती स्थल पर समय से पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने अभ्यर्थियों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन न करें। यदि कोई अभ्यर्थी ऐसे पदार्थों का सेवन करते हुए अथवा उनके कब्जे में पाया जाता है तो उसे परीक्षा उत्तीर्ण होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने की सुविधा के लिए स्थानीय धर्मशालाओं में व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इनमें पुरी धाम धर्मशाला, श्री जोरावर सिंह जैन धर्मशाला, राजपूत धर्मशाला (परमार), सैनी धर्मशाला, छोटू राम धर्मशाला तथा धोबी धर्मशाला शामिल हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों से कड़ी मेहनत के साथ भर्ती की तैयारी करने का आह्वान किया। साथ ही किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए भर्ती कार्यालय, रोहतक के दूरभाष नंबर 01262-253431 तथा हेल्पलाइन नंबर 8901384498 पर संपर्क करने की अपील की।

