Tuesday, May 12, 2026
Homeहरियाणाबृज 84 कोस परिक्रमा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडल आयुक्त ने लिया...

बृज 84 कोस परिक्रमा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडल आयुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

पलवल :  फरीदाबाद के मंडलायुक्त संजय जून ने बृज 84 कोस की परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए बाधा मुक्त कर सुविधाजनक बनाने के लिए जिला के प्रशासनिक अधिकारियों को साथ लेकर बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न गांवों का दौरा करते हुए श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं व व्यवस्थाओं का गंभीरता से अवलोकन किया तथा परिक्रमा मार्ग में जो भी कमियों पाई गई उन्हें संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द तुरूस्त करने के निर्देश दिए। आयुक्त का का उद्देश्य केवल परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करना नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि बृज 84 कोस की परिक्रमा करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने आयुक्त संजय जून को गर्मजोशी के साथ स्वागत अभिनंदन किया।

आयुक्त संजय जून ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बाधा मुक्त बनाया जाए और जहां भी गड्ढों व जलभराव की समस्या है, उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। आयुक्त दौरे के दौरान वे विभिन्न गांवों में पहुंचे और वहां स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।

ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि बृज 84 कोस परिक्रमा के समय हजारों श्रद्धालु यहां से गुजरते हैं, लेकिन कई स्थानों पर पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था की कमी महसूस होती है। मंडलायुक्त ने ग्रामीणों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ा कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आस्था और सेवा का विषय है।

आयुक्त संजय जून ने बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी लाइटें ठीक करने के निर्देश दिए ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि बृज 84 कोस परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि हजारों-लाखों लोगों की आस्था का प्रतीक है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण देना जिला प्रशासन का कर्तव्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और सुविधाएं व सुरक्षा के सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं।

इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम बलीना, एसडीएम पुन्हाना अमित गुलिया, डीआरओ बलराज सिंह दांगी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, डीआरओ बलराज सिंह दांगी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular