Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहर जिले में प्रशासन अलर्ट : सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल कमी की...

हर जिले में प्रशासन अलर्ट : सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल कमी की अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

लखनऊ :  उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राज्य सरकार ने गुरुवार को साफ किया कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग, रणवीर प्रसाद ने कहाकि सभी जिलों में मांग के अनुसार पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है और कहीं भी संकट जैसी स्थिति नहीं है।

प्रदेश सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों के आधार पर घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करें। सरकार के मुताबिक हाल के दिनों में सोशल मीडिया के जरिए कुछ भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं, जिनमें ईंधन की कमी की बात कही जा रही है। इन सूचनाओं को गलत बताते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह शरारती तत्वों की हरकत है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर नजर रखें और कहीं भी आपूर्ति बाधित न होने दें। तेल कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी रखी गई है, ताकि किसी भी स्थिति में आम लोगों को परेशानी न हो।

सरकार ने यह भी कहा है कि अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण करने से आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव पड़ता है। इसलिए आम लोग संयम बरतें और सामान्य जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।

प्रदेश सरकार ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य एवं एसआर फिलिंग स्टेशन (इंजीनियरिंग कॉलेज) के मालिक सर्वेश वाजपेई ने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल प्रर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। पंप 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हैं। लोगों को घबराकर डीजल-पेट्रोल स्टोर करने की कोई आवश्यकता नहीं है।

RELATED NEWS

Most Popular