चण्डीगढ़: आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता ने हरियाणा की सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व वाली सैनी सरकार को घेरते हुए कहा कि हरियाणा में जंगल राज हो चुका है, कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। हर कोई अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है और डर के साएं में जीने को मजबूर हैं। अभी हाल ही के दिनों में अपराधिक घटनाओं में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। क्योंकि पुलिस-प्रशासन का खौफ खत्म हो गया है। रोहतक, हिसार, गुरुग्राम, सोनीपत और कैथल समेत प्रदेश का कोई भी जिला अब सुरक्षित नहीं रहा। आए दिन हो रही अंधाधुंध गोलीबारी और रंगदारी की घटनाओं से स्पष्ट है कि राज्य में पुलिस का नहीं, बल्कि बेखौफ अपराधियों का राज है।
गुरुग्राम: डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा सुशांत लोक और बसई रोड जैसे इलाकों में दिन-दहाड़े और देर रात अंधाधुंध फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं। बदमाशों और गैंगस्टरों द्वारा कारोबारियों के घरों व दुकानों को निशाना बनाकर गोलियां बरसाई जा रही हैं और जान से मारने की धमकियां देकर रंगदारी वसूली जा रही है।
सोनीपत: उन्होंने ने कहा, हाल ही में खरखौदा में व्यवसायी के दफ्तर पर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। वहीं न्यूट्रिशन स्टोर और न्यूट्रिशन शॉप्स पर सरेआम गोलियां चलाकर गैंगस्टरों द्वारा दहशत फैलाई जा रही है।
हिसार: अर्बन एस्टेट और मॉडल टाउन जैसे पॉश इलाकों में भी दिन-दहाड़े फायरिंग और रंगदारी की वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिक और व्यापारी अपने ही घरों व दुकानों में खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
डॉ. सुशील गुप्ता ने महिला अपराधों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध का ग्राफ लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार के पास महिला सुरक्षा को लेकर कोई ठोस नीति या नियत नहीं है। जींद व कैथल में नाबालिग बच्चियों और युवतियों के साथ दुष्कर्म, छेड़छाड़ और बर्बरता की खौफनाक घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं।
AAP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, अंबाला व कुरुक्षेत्र में छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को आते-जाते समय मनचलों और अपराधियों की प्रताड़ना व धमकियां सहनी पड़ रही हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
कारोबार ठप, खौफ के साये में उद्योगपति:
गुप्ता ने कहा कि फिरौती कॉल्स से पलायन की नौबत लगातार बढ़ रही है। विदेशों में बैठे गैंगस्टर और स्थानीय अपराधी बेखौफ होकर व्यापारियों, आढ़तियों और पेट्रोल पंप मालिकों को फोन पर जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों की फिरौती मांग रहे हैं। पानीपत और रोहतक में आढ़तियों, कपड़ा व्यापारियों और शोरूम मालिकों से फिरौती की मांग की जा रही है; इनकार करने पर उनके व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर फायरिंग करवाई जा रही है।
सिरसा, भिवानी व रेवाड़ी में लगातार मिल रही धमकियों के कारण कई छोटे-बड़े व्यापारियों ने हरियाणा से अपना कारोबार समेटने और पलायन करने का मन बना लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी तुरंत इस्तीफा दें या ठोस कदम उठाएं। उन्हाेंने ने कहा, प्रदेश के गृह विभाग और पुलिस तंत्र को सरकार ने अपने राजनीतिक हित साधने और विपक्ष की आवाज दबाने में लगा रखा है। रोहतक से लेकर गुरुग्राम और हिसार तक पुलिस महकमा केवल मुकदमों का पर्चा दर्ज करने और खानापूर्ति तक सीमित रह गया है।
AAP प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा, यदि भाजपा सरकार ने राज्य में बढ़ते अपराध, फिरौती, दुष्कर्म और रंगदारी पर तुरंत लगाम नहीं लगाई, तो आम आदमी पार्टी हरियाणा के हर जिले में सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ उग्र जन-आंदोलन करेगी।


