चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह पर पानी के मुद्दे को लेकर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के जीवन से जुड़े सबसे संवेदनशील विषय- पानी—को भी सत्ता के खेल का हिस्सा बना दिया है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हालिया मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि दिल्ली सरकार गर्मियों में बढ़ती पानी की मांग को पूरा करने के लिए हरियाणा से अतिरिक्त पानी खरीदने की तैयारी कर रही है। यह वही भाजपा सरकार है, जिसने पहले दिल्ली की चुनी हुई अरविंद केजरीवाल सरकार को हिमाचल प्रदेश से पानी खरीदने के प्रयास में हर स्तर पर रोड़ा अटकाया था। उस समय हरियाणा और केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली की जनता को पानी देने के बजाय उन्हें परेशान करने का काम किया, लेकिन आज जब दिल्ली में भाजपा की सरकार है, तो हरियाणा सरकार तुरंत पानी देने के लिए तैयार हो गई है। यह भाजपा के राजनीतिक चरित्र और उसकी प्राथमिकताओं को साफ दिखाता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा खुद गहरे जल संकट से गुजर रहा है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार दूसरे राज्यों को पानी देने की बात कर रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में लगभग 14 बिलियन क्यूबिक मीटर का वार्षिक जल घाटा है और 1700 से अधिक गांव गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में भूजल स्तर लगातार गिरा है और 21.17 मीटर से नीचे जाकर 23.02 मीटर तक पहुंच चुका है। महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में हालात बेहद चिंताजनक हैं, जहां पानी 50 मीटर से भी अधिक गहराई पर चला गया है। कई जिलों में लोग पीने के साफ पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
अनुराग ढांडा ने कहा कि एक तरफ हरियाणा के गांवों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नायब सैनी सरकार दिल्ली और राजस्थान को पानी देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह फैसला वास्तव में जरूरत के आधार पर लिया जा रहा है या फिर यह सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। 1994 के जल बंटवारे समझौते का हवाला देकर अतिरिक्त पानी देने की बात करना केवल एक बहाना है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा अपनी सत्ता वाले राज्यों को फायदा पहुंचाने और विपक्ष शासित राज्यों को नुकसान पहुंचाने की नीति पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार थी, तब भाजपा ने पानी को हथियार बनाकर दिल्ली की जनता को परेशान किया, लेकिन आज वही भाजपा सरकार बिना किसी रुकावट के पानी देने को तैयार है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और संघीय ढांचे के लिए बेहद खतरनाक संकेत है, जहां संसाधनों का इस्तेमाल जनहित के बजाय राजनीतिक हितों के लिए किया जा रहा है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार पहले अपने राज्य के जल संकट को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए, भूजल संरक्षण और जल प्रबंधन पर स्पष्ट नीति बनाए और जनता को यह बताए कि किन शर्तों पर और कितनी मात्रा में पानी देने की योजना बनाई जा रही है।
ढांडा ने कहा कि भाजपा की यह दोहरी राजनीति अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुकी है। पानी जैसे मूलभूत अधिकार को भी राजनीतिक हथियार बनाना भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है और आम आदमी पार्टी इस सच्चाई को हर मंच पर उजागर करती रहेगी।

