आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ सुशील गुप्ता ने हरियाणा में कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए हरियाणा की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने हरियाणा में लगातार बढ़ते अपराधों को ‘जंगलराज’ की संज्ञा दी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता भगवान भरोसे है और लोग अपने आप को बहुत असुरक्षित महसूस कर रहे हैं क्योंकि अपराधियों की घोसला इतने बुलंद है और सरकार का कोई खौफ नहीं है की हर रोज दिनदहाड़े अनेकों अपराधिक घटनाएं घट रही है। और आम आदमी पार्टी सिरसा जिला के किसान सेल अध्यक्ष सुरजीत सिंह बेगू पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की।
उन्होंने घटना के बारे में बताया कि गत 21 अप्रैल को सिरसा के बेगू गांव निवासी और आम आदमी पार्टी के कर्मठ नेता सुरजीत सिंह बेगू पर हाईवे पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने पहले उनकी मोटरसाइकिल को कार से टक्कर मारी और जब वे उसमें बच गए, तो तीन हथियारबंद बदमाशों ने गाड़ी से उतरकर उन पर हथौड़े और अन्य घातक हथियारों से हमला कर उन्हें मारने का प्रयास किया। फिर भीड़ आने के बाद अधमरा छोड़कर फरार हो गए।
उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के 9 दिन बीत जाने के बाद भी हरियाणा पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों का हुलिया साफ दिखने के बावजूद अभी तक उनके खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की गई है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है।
हमले के पीछे संभावित कारण
सुरजीत सिंह बेगू न केवल किसानों की एक मुखर आवाज रहे हैं, बल्कि वे क्षेत्र में नशे के विरुद्ध एक व्यापक अभियान भी चला रहे थे। पार्टी को संदेह है कि सिरसा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों ने अपने अवैध कारोबार को निर्बाध रूप से चलाने के लिए इस हमले की साजिश रची है।
आम आदमी पार्टी की मांगें
1. त्वरित गिरफ्तारी: मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक (DGP) और सिरसा एसएसपी से मांग की गई है कि दोषियों को बिना किसी देरी के गिरफ्तार किया जाए।
2. कानून का शासन: राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारा जाए ताकि नागरिकों में पुलिस और सरकार के प्रति विश्वास बहाल हो सके।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कार्यालयों का घेराव भी किया जाएगा।

