हांसी : आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता की अध्यक्षता में प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए बैठकों का दौर जारी है।
इसी कड़ी में हांसी के सोरखी गांव में पार्टी के सक्रिय एवं ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में पार्टी को धरातल पर मजबूत करने, आगामी लक्ष्यों को तय करने और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक के दौरान *हांसी* के सक्रिय कार्यकर्ताओं में अद्भुत जोश और उत्साह देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने राम मंदिर अयोध्या और मनसा देवी मंदिर पंचकूला में चढ़ावा लूट के मामले पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सरकार की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए कहा कि सरकार इस महाघोटाले के ‘बड़े डाकुओं’ पर कार्रवाई करने से कतरा रही है और उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही, उन्होंने हरियाणा के पानी के अधिकार का गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दबाव में आकर हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को दिया जा रहा है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के हकों और इसके पानी के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मौके पर हांसी के चनौत गाँव वासियों की पानी की मांग का भरपूर समर्थन किया।
प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री प्रदेश में सुरक्षा और कानून का राज बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। आज हरियाणा में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं; हर तरफ सरेआम फिरौतियां वसूली जा रही हैं और धमकियां दी जा रही हैं। प्रदेश की माताएं-बहनें और महिलाएं आज खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं। *हांसी* में भी अपराधियों और नशे का बोलबाला बढ़ता जा रहा है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने हांसी बैठक में कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यही जोश, लगन और अटूट परिश्रम ही आम आदमी पार्टी की असली पूंजी और ताकत है। हांसी के कार्यकर्ताओं के उत्साह से साफ है कि जनता बदलाव के लिए तैयार है। आज नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की रणनीति बन चुकी है और पार्टी जनता के हकों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।
इस बैठक में मुख्य रूप से आम आदमी पार्टी हरियाणा के संगठन मंत्री अश्वनी दुल्हेड़ा राजेन्द्र शर्मा, रामनाथ धुआरिया, राजेंद्र सोरखी सहित पार्टी के भारी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी व कर्मठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

