Sunday, July 7, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक लेकर हमलावर...

रोहतक में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक लेकर हमलावर फरार

- Advertisment -
- Advertisment -

रोहतक। रोहतक में हत्याओं का सिलसिला जारी है। एक बार फिर एक बाइक सवार युवक की जींद बाईपास पर गोली मार कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते हुए युवक की बाइक भी साथ ले गए। अज्ञात हमलावरों ने युवक की छाती में गोली मारी जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। सूचना मिलने पर 112 की टीम ने युवक को पीजीआई में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक की पहचान रोहतक के गांव मोखरा निवासी करीब 40 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है।

ट्रॉमा सेंटर में बैठे शोकाकुल परिजन

मृतक की बाइक साथ ले गए हमलावर

वहीं मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। अनिल की छाती में गोली लगने के निशान है। बताया जा रहा है कि अनिल बाइक पर गांव मोखरा से बहन के घर सोनीपत जा रहा था जब किसी अज्ञात हमलावर ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद हमलावर बाइक भी ले गए, जबकि बैग, पर्स व सोने की चेन नहीं तोड़ी गई। सिटी थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

जींद बाईपास पर मारी छाती में गोली

परिजनों के अनुसार गांव मोखरा निवासी अनिल उर्फ माड़िया मोखरा गौशाला में ड्राइवर की नौकरी करता था। वह अभी तक अविवाहित था। शुक्रवार सुबह घर से बाइक लेकर बहन के घर सोनीपत जाने के लिए निकला था। करीब नौ बजे परिजनों को पता चला कि अनिल को किसी ने जींद बाईपास पर छाती में गोली मार दी। सड़क किनारे अनिल लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ा था। मौके पर भीड़ जमा हो गई। 10 से 12 लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। तत्काल युवक को बेहोशी की हालत में पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अब पुलिस वारदात की जांच पड़ताल कर रही है, आखिर किसने व क्यों अनिल को गोली मारी।

हत्या के कारणों का पता नहीं

सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जींद बाईपास से गोहाना बाईपास जाते समय रास्ते में मोखरा निवासी अनिल बेहोशी की हालत में मिला था। पीजीआई में उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि अनिल की छाती में गोली मारी गई है। वारदात की जांच पड़ताल कर रहे हैं। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं लग सका है। पुलिस को मौके पर मृतक अनिल की बाइक नहीं मिली, लेकिन बैग, पर्स व गले में पहनी सोने की चेन सुरक्षित मिल गई। अगर लूट के चलते वारदात अंजाम दी जाती तो बैग, पर्स व चेन भी हमलावर ले जाते। अब पुलिस परिजनों से पूछताछ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किसी से कोई रंजिश, झगड़ा या दूसरा विवाद तो नहीं है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular