Thursday, August 7, 2025
Homeहरियाणागुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर कुरुक्षेत्र में होगा...

गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर कुरुक्षेत्र में होगा भव्य राज्य स्तरीय आयोजन

हरियाणा सरकार द्वारा ‘हिंद की चादर’ गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर 25 नवंबर को जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में संगत भाग लेगी। यह कार्यक्रम न केवल गुरुओं को नमन करने का अवसर होगा, बल्कि यह गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, धर्म रक्षा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा।

इस आयोजन को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया है, जिसमें सिख समुदाय, संत समाज और विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को पंचकूला में इस कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने संबंधी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सिख समाज से आए प्रबुद्धजनों ने अपने सुझाव भी दिए।

चार दिशाओं से निकाली जाएंगी शोभा यात्राएं

मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और बलिदान के संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के चारों कोनों से शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। पहली यात्रा डबवाली से शुरू होकर, रतिया, फतेहाबाद, सिरसा, धमतान साहिब, कैथल होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। दूसरी यात्रा लोहगढ़ से शुरू होगी, जो सढौरा, बिलासपुर, जगाधरी, यमुनानगर, रादौर व लाडवा होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। इसी प्रकार, तीसरी यात्रा फरीदाबाद से प्रारंभ होकर गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल से होती हुई कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। चौथी यात्रा कालका से शुरू होकर पिंजौर, पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद से होती हुई कुरुक्षेत्र में समापन करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शोभा यात्राओं के साथ-साथ प्रदेशभर में एक माह तक श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित विविध आयोजन होंगे, जिनमें स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों के लिए सेमिनार, क्विज प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, संगोष्ठियों के साथ – साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन के दौरान गुरु मर्यादा का पूरा पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए विशेष समितियाँ बनाई गई हैं, जिनमें सिख समाज के विद्वान, धर्मगुरु और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने प्रबुद्धजनों, सिख जत्थेबंदियों व संस्थाओं से आह्वान किया कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।

बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का विमोचन किया और साथ ही एक फेसबुक पेज भी लॉन्च किया, जिसके माध्यम से हरियाणा व देश-विदेश के नागरिक राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन संबंधी अपने सुझाव और विचार सांझा कर सकते हैं।

हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार जगदीश सिंह झिंडा ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार प्रकट किया।

बैठक में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्ढा, विधायक  भगवान दास कबीरपंथी, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में सिख जत्थेबंदियों व संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular