Friday, September 20, 2024
Homeहरियाणाअम्बालाPM मोदी हरियाणा में करेंगे 3 रैली : 26 को सोनीपत आएंगे,...

PM मोदी हरियाणा में करेंगे 3 रैली : 26 को सोनीपत आएंगे, हिसार और पलवल में होगी जन आशीर्वाद रैली

रोहतक : प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी हरियाणा में 3 रैली करेंगे। मंगलवार को भाजपा के प्रदेश चुनावी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली ने यह जानकारी दी।

मोहनलाल बड़ोली ने बताया कि विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर हरियाणा आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन आशीर्वाद रैली 26 सितंबर को सोनीपत में होगी। सोनीपत रैली का संयोजक मैं खुद रहूंगा। इसके अलावा हिसार में नरेंद्र मोदी की रैली होगी और इस रैली के संयोजक कुलदीप बिश्नोई होंगे। प्रधानमंत्री 2 अक्टूबर को पलवल में रैली करेंगे और इसके संयोजक कृष्णपाल गुर्जर होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि 18 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश की राजनीतिक राजधानी रोहतक में भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। मोहनलाल बड़ोली ने बताया कि आज का दिन बहुत खास है क्योंकि आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन तो है ही, साथ ही आज केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार के तीसरे कायकाल के 100 दिन पूरे हो रहे हैं। भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में ही 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई। 3 लाख करोड़ की सड़क, रेलवे की परियोजनाएं शुरू की, इन 100 दिनों में 11 लाख नई लखपति दीदी बनाई। बीते 100 दिनों में प्रधानमंत्री ने देशहित के लिए जितनी परियोजनाओं और विकास कार्यों की घोषणा की है, उतना कार्य कांग्रेस सरकार अपने दशकों के शासन में भी नहीं कर पाई थी।  पत्रकार वार्ता के दौरान हरियाणा भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, भाजपा मीडिया सह प्रभारी अशोक छाबड़ा, शमशेर खरक, संदीप आजाद, भाजपा नेता राजकुमार कटारिया और रोहतक मीडिया प्रमुख सनी शर्मा आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस में सीएम कौन होगा पता ही नहीं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ और लूट की राजनीति की है। इसका स्पष्ट उदाहरण कांग्रेस के टिकट वितरण में देखने को मिल रहा है। अपने कार्यकर्ताओं को ही कांग्रेस ने लूटा। राहुल गांधी की बात करें तो उनके आरक्षण खत्म करने की मानसिकता सबके सामने आ गई है। कांग्रेस रोज सपना लेकर सोती है कि हरियाणा में सरकार बनाएगी, लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। अब तक तो कांग्रेस को यही नहीं पता कि हरियाणा में उनका सीएम कौन होगा। कांग्रेस हार की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस में विद्रोह और गुटबाजी है, कांग्रेसी कुमारी सैलजा का अपमान कर रहे हैं। दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल हरियाणा में आए तो जनता उन्हें भी जवाब देगी।

केंद्रीय स्तर के नेता आएंगे हरियाणा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय स्तर के नेता हरियाणा में आएंगे। अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित केंद्रीय नेता हरियाणा में आएंगे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular