Friday, October 18, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा में बदलने वाला है मौसम, कल से बारिश शुरू, अभी ठंड...

हरियाणा में बदलने वाला है मौसम, कल से बारिश शुरू, अभी ठंड से राहत नहीं, कोहरे ने थामे पहिये

हरियाणा में मौसम विभाग का अलर्ट, हरियाणा में 31 जनवरी से 5 फरवरी के बीच कही तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी के आसार, पंजाब से लगते जिलों में तेज गति से चलेंगी हवाएं, ओलावृष्टि की संभावना

हिसार। हरियाणा में बुधवार से मौसम बदलने वाला है। प्रदेश में एक साथ दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से मौसम परिवर्तनशील है। मौसम बुलेटिन के अनुसार हरियाणा में 31 जनवरी से लेकर 5 फरवरी तक कई जिलों में हल्की बारिश तो कुछ में तेज बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 31 जनवरी, 2 फरवरी व 5 फरवरी को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे।

30 जनवरी को सक्रिय होने वाले मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी राजस्थान व दक्षिणी पंजाब पर कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके अलावा उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है। इस प्रकार फरवरी के पहले सप्ताह में बारिश धीरे-धीरे विस्तार और तीव्रता दोनों में बढ़ोतरी की संभावना बन रही है।

ओलावृष्टि की गतिविधियां होंगी

इसके बाद 2 फरवरी को भी मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इन दोनाें विक्षोभों के प्रभाव से 31 जनवरी से 5 फरवरी के बीच पंजाब से सटे जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला में तेज गति की हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियां होंगी। वहीं भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद व पलवल में बिखराव वाली बारिश की संभावना है। हालांकि इस दौरान सुबह व रात के वक्त कोहरा छाया रहेगा। इसी प्रकार अगले एक सप्ताह तक मौसम के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे।

दिन के तापमान में गिरावट

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाने से एक बार दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी तो इसी के साथ रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। लेकिन बारिश शुरू होते ही रात्रि के तापमान में बढ़ोतरी तो दिन के तापमान में गिरावट आएगी। जिसकी वजह से दिन के समय ठिठुरन बढ़ेगी। प्रदेश में देर रात को ही घना कोहरा छा गया था, जो सुबह बूंदों की तरफ बरसता रहा। जिस कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। ।

रबी फसलों के लिए रामबाण होगी यह बारिश

आमतौर पर दिसंबर महीने की शुरुआत व जनवरी में ठंड के साथ-साथ बारिश भी होती है लेकिन इस बार दोनों महीने ही सूखे बीत गए। कारण किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पर अब संभावित बारिश को देखते हुए किसानों को फायदा होने की उम्मीद है। विशेषकर गेहूं की फसल के लिए इस वक्त होने वाली बारिश किसी रामबाण से काम नहीं होगी। भारत मौसम विभाग व चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने 31 जनवरी से लेकर 5 फरवरी तक बारिश की उम्मीद जताई है।

फरवरी में बारिश की संभावना

नारनौल क्षेत्र में दो दिन मौसम साफ रहने के बाद फिर से कोहरे ने वाहनों की गति पर ब्रेक लगा दिया है। वहीं, कोहरे की वजह से सड़क व पेड़ों के नीचे जमीन गिली हो गई है। हालांकि जनवरी माह में बारिश तो नहीं हुई, लेकिन ओस की बूंदों ने बारिश जैसा मौसम जरूर बना दिया है। कोहरा छटने के बाद थोड़ी ठंड से राहत जरूर मिल रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो बीते दिन की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है।

तीन ट्रेनें रद्द, अन्य देरी से चल रही

कोहरे ने एक बार फिर ट्रेनों की गति पर ब्रेक लगाए हैं जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। रेलवे ने लंबी दूरी की तीन ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कई अन्य ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही है। मंगलवार को 11077/78 झेलम एक्सप्रेस, 11841/42 गीता जयंती एक्सप्रेस व 11057/58 दादर एक्सप्रेस रद्द रहीं। वहीं 12058 जन शताब्दी एक्सप्रेस 1:41 घंटे, 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस 9:00 घंटे, 12925 पश्चिम एक्सप्रेस 1:47 घंटे, 14508 बठिंडा एक्सप्रेस 2:36 घंटे, 12460 नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 1:23 घंटे, 22430 पठानकोट एक्सप्रेस 1:25 घंटे, 12311 नेताजी एक्सप्रेस 12:41 घंटे 04406 कुरुक्षेत्र-हजरत निजामुद्दीन मेमू 1:24 घंटे तो 04178 कुरुक्षेत्र-दिल्ली मेमू 1:17 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

देरी से चल रही गोरखधाम एक्सप्रेस

कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इस कारण मंगलवार को कई ट्रेन अपने निर्धारित समय से लेट पहुंचेगी। गोरखधाम एक्सप्रेस 6 घंटे की देरी से दोपहर 3:30 बजे पहुंचने की संभावना है। इसी प्रकार रेवाड़ी- बठिंडा ट्रेन भी 1 घंटे की देरी से चल रही है। लुधियाना- भिवानी ट्रेन सुबह 10:15 की बजाय सुबह 10:41 बजे हिसार पहुंची। मेरठ- श्रीगंगानगर ट्रेन भी 38 मिनट की देरी से शाम 4:38 बजे पहुंचने की संभावना है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular