Wednesday, October 23, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक चिड़ियाघर के पर्यटकों के लिए जरूरी खबर, नए साल में वन्य...

रोहतक चिड़ियाघर के पर्यटकों के लिए जरूरी खबर, नए साल में वन्य प्राणियों को देखना होगा महंगा

नए साल में वन्य प्राणी विभाग के लघु चिड़ियाघर में घूमना पांच गुना महंगा हो सकता है। विभाग ने चिड़ियाघर में भ्रमण के लिए तय टिकट शुल्क में बदलाव की तैयारी की है। इसे मुख्यालय से मंजूरी मिलना शेष है।

रोहतक। रोहतक तिलियार स्थित लघु चिड़ियाघर में पिछले साल से कई वन्य प्राणियों में इजाफा हुआ है। दो साल में कई दुर्लभ वन्य जीव चाहे कई फ़ीट लंबा अजगर हो, बंगाल टाइगर हो, धीरा सिंह हो या फिर सफ़ेद हिरन लोगों के लिए कौतहूल का विषय बने रहे हैं। अब वन विभाग यहां के वन्य जीवों की सुविधाओं के साथ चिड़ियाघर के सुंदरीकरण पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। इसके तहत वन्य जीवों के लिए हर सुविधा मुहैया कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत अब नए साल से चिड़ियाघर में भ्रमण के लिए जाने वाले पर्यटकों को अब जेब ढीली करनी पड़ेगी।

जानकारी के अनुसार नए साल में वन्य प्राणी विभाग के लघु चिड़ियाघर में घूमना पांच गुना महंगा हो सकता है। विभाग ने चिड़ियाघर में भ्रमण के लिए तय टिकट शुल्क में बदलाव की तैयारी की है। इसे मुख्यालय से मंजूरी मिलना शेष है। मंजूरी मिलने पर चिड़ियाघर में प्रति व्यक्ति प्रवेश शुल्क करीब 50 रुपये हो जाएगा। कोविड के बाद से लघु चिड़ियाघर को बेहतर बनाते हुए यहां रेप्टाइल हाउस भी बनाने का प्रपोजल तैयार किया गया है। जल्दी ही यहां कंगारू और जेब्रा भी आने हैं। इनके लिए रहने की व्यवस्था की जा रही है।

कोविड के बाद से वन्य प्राणी विभाग लघु चिड़ियाघर को बेहतर बनाने में जुटा है। इसी कड़ी में यहां तीन वर्षों में न केवल नए वन्य प्राणी लाए गए हैं, बल्कि उनके रहने के लिए बेहतर व्यवस्था भी की गई है। वन्य प्राणियों को देखने आने वालों के लिए सड़क, धूप से बचाव की हट, पेयजल व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है। इन सुविधाओं के बदलते फिलहाल बच्चों से पांच व बड़ों से 10 रुपये शुल्क वसूला जाता है। बढ़ती सुविधाओं व भीड़ को देखते हुए यह शुल्क बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। यह शुल्क करीब पांच गुणा तक बढ़ाने की तैयारी है।

चिड़ियाघर में नया रेप्टाइल हाउस बनाने की तैयारी की है। फिलहाल यहां छह मगरमच्छ हैं। इनके लिए चिड़ियाघर के अंत में बाड़ा बनाया गया है। इसे बेहतर बनाकर यहां मगरमच्छ के अलावा घड़ियाल भी लाए जाएंगे। इसी के साथ कछुए भी आएंगे। इनके रहने के लिए मगरमच्छ के बाड़े के साथ ही 80 वर्ग गज में नया बाड़ा बनाया जाएगा। इसके अलावा सांप की विभिन्न प्रजातियां भी देखने को मिलेंगी। इसमें कोबरा, रसल वाइपर, अजगर व अन्य सांप शामिल हैं।

चिड़ियाघर में वर्तमान में कुल 173 वन्य प्राणी है। इनमें पक्षियों की 24 व जानवरों की 13 प्रजातियां है। छह मगरमच्छ भी हैं। धीरा बब्बर शेर के साथ शेरनी छोटी और सुधा हैं। तेंदुआ सन्नी अपने दो बच्चों के साथ व चार छोटे तेंदुए अगले बाड़े में रखे गए हैं। इनके नाम अभी नहीं रखे गए हैं। बाघ सागर व आशा के अलावा तीन अन्य बाघ भी लोगों के लिए रखे गए हैं।

वन्य प्राणी विभाग चिड़ियाघर निरीक्षक अधिकारी देवेंद्र हुड्डा के अनुसार चिड़ियाघर में नए बाड़े तैयार किए जार रहे हैं। नए वर्ष में जेब्रा और कंगारू लाए जाएंगे। बेहतर व्यवस्था के लिए भी योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसी कड़ी में शुल्क बढ़ाना भी शामिल है। यह प्रपोजल भी रेप्टाइल हाउस के साथ मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular