Thursday, June 12, 2025
Homeहरियाणामोदी सरकार के 11 साल: CM नायब सिंह सैनी बाेले- PM नरेंद्र...

मोदी सरकार के 11 साल: CM नायब सिंह सैनी बाेले- PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास और विश्वास का मॉडल दिया

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम युग बनकर उभरा है।

वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए देश को एक नई दिशा दी है। आज भारत वोट बैंक की राजनीति से नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व से आगे बढ़ रहा है। ये 11 वर्ष केवल एक पड़ाव है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक ‘विकसित राष्ट्र’ बनाना है। यह अमृत काल उस स्वर्णिम काल की नींव रखेगा, जहां भारत ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म और समृद्धि का विश्व गुरु बनेगा।

मुख्यमंत्री आज पंचकूला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों को लेकर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री कृष्‍ण लाल पंवार,  महीपाल ढांडा, विपुल गोयल, डॉ. अ‌रविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, कृष्‍ण कुमार बेदी, राज्यसभा सांसद  रेखा शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, पूर्व मंत्री कंवर पाल और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

2014 से पहले देश में था निराशा, भय, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का वातावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में निराशा और अविश्वास का माहौल था। भ्रष्टाचार और अक्षम नेतृत्व ने देश के विकास को अवरुद्ध कर दिया था। देश में उन दिनों भय, भ्रष्टाचार, क्षेत्रवाद व भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। निष्पक्ष शासन का पूरी तरह अभाव था, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास और विश्वास का मॉडल दिया और देश ने एक निर्णायक और पारदर्शी सरकार का अनुभव किया। योजनाओं का निर्माण और उनका क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया गया। ‘मिनिमम गवर्नमेंट-मैक्सिमम गवर्नेस’ के सिद्धांत पर चलते हुए प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया और जन-भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया।

मिशन चंद्रयान से लेकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना भारत की बड़ी उपलब्धि

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज हमारा देश अपनी उन्नत प्रौद्योगिकी के बल पर न केवल मिसाइलें बना रहा है, बल्कि सूर्य यान, चंद्रयान और मंगलयान जैसे मिशन सफलतापूर्वक पूरे कर रहा है। इन 11 सालों में भारत ने स्पेस डॉकिंग एक्सरसाइज (Space Docking Exercise) मिशन के तहत अंतरिक्ष में दो भारतीय सैटेलाइट्स को सफलतापूर्वक जोड़कर इतिहास रचा है। इस उपलब्धि के साथ अमेरिका, रूस और चीन के बाद ऐसा करने वाला भारत चौथा देश बन गया है। इससे हर भारतवासी गौरवान्वित हुआ है। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक उतारने वाला भारत दुनिया का पहला देश है। आदित्य L-1 सूर्य की कक्षा में स्थापित होकर सूर्य का अध्ययन कर रहा है।

आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने देश के प्रधान सेवक का पदभार संभाला, उस समय हमारी अर्थव्यवस्था पूरे संसार में 11वें स्थान पर थी और आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत का कुल निर्यात वर्ष 2024-25 में 825 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। इंजीनियरिंग निर्यात वर्ष 2014-15 में 73 बिलियन डॉलर था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 117 बिलियन डॉलर हो गया है। भारत के रक्षा निर्यात में वर्ष 2014 से 34 गुणा बढ़ोतरी हुई है। भारत का रक्षा निर्यात वर्ष 2024-25 में बढ़कर 23 हजार 622 करोड़ रुपये हो गया है। जो कि वर्ष 2016 से पहले 1521 करोड़ रुपये था। पिछले 10 वित्तीय वर्षों में भारत में लगभग 668 बिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है, जबकि वर्ष 2000 से 2014 तक 323 बिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ था। प्रधानमंत्री ने कालेधन के खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए नोटबंदी करके समानांतर अर्थव्यवस्था पर करारा प्रहार किया। पूरी दुनिया आज भारत के डिजिटल भुगतान मॉडल की प्रशंसा करती है।

प्रधानमंत्री ने लिए कई ऐतिहासिक निर्णय

  • नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिये। जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 व धारा 35-ए को हटाकर उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत का राष्ट्रीय सपना साकार किया है। हाल ही में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कश्मीर घाटी को दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल ‘चिनाब ब्रिज’ के माध्यम से पूरे देश से जोड़ा है। लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाकर विकास का नया द्वार खोला गया है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा को समाप्त कर राम जन्मभूमि अयोध्या में श्री रामलला के भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण करवाया।
  • उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर, वर्ष 2016 के उरी हमले के प्रतिशोध में सर्जिकल स्ट्राइक और वर्ष 2019 में हुए पुलवामा हमले का पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। इनके अलावा वन रैंक वन पेंशन, नागरिकता संशोधन कानून, तीन तलाक की कुप्रथा से मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 आदि अनेक युग परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 संकट के दौरान, भारत ने फार्मा हब के रूप में दुनिया का नेतृत्व किया और देश में निःशुल्क टीकाकरण करते हुए 220 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी गई। आज भारत वैश्विक मंच पर सबसे आगे है, चाहे जी-20 का नेतृत्व करने की बात हो, जलवायु परिवर्तन या आतंकवाद का मुद्दा हो, आज भारत नीति-निर्धारक बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र में भारत की पहल की बदौलत, 21 जून को अब दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है।

किसान कल्याण सरकार की प्रतिबद्धता

  • CM सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र के बजट को पाँच गुना बढ़ाया है। वर्ष 2013-14 में कृषि क्षेत्र का बजट 27,663 करोड़ रुपये था। इसे वर्ष 2025-26 में बढ़ाकर 1 लाख 37 हजार 757 करोड़ रुपये किया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एम.एस.पी. में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को लगातार सशक्त बनाया है। 2015 में पानीपत से शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने घटते लिंगानुपात में सुधार लाने में मदद की। भारत में पहली बार वर्ष 2024 में लिंगानुपात सुधरकर 1,000 पुरुषों पर 1,020 महिलाएं हुआ, जोकि वर्ष 2014 में 918 था। वहीं, 4.20 करोड़ से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए और 35.38 करोड़ महिलाओं को मुद्रा ऋण के माध्यम से 14.72 लाख करोड़ रुपये दिए गए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों की बदौलत अब महिलाएं राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिसके तहत विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। वर्ष 2014 से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 10 प्रतिशत से भी कम था।

मध्यम वर्ग कल्याण और आधुनिक बुनियादी ढाँचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यम वर्ग के लिए, पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने कई अथक प्रयास किए हैं। करदाताओं को 12 लाख 75 हजार रुपये तक की आय पर पूरी टैक्स रिबेट दी गई है। मेट्रो रेल सेवा देश के 23 शहरों में शुरू की जा चुकी है, जबकि वर्ष 2014 तक केवल 5 शहरों में यह सुविधा उपलब्ध थी। पीएम गति शक्ति, भारतमाला और सागरमाला परियोजनाओं ने बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाई है, जबकि वंदे भारत ट्रेनों और 3,600 किलोमीटर के हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर ने परिवहन नेटवर्क को बदल दिया है। उड़ान योजना के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में हवाई संपर्क सुनिश्चित हुआ है। ई-संजीवनी जैसी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं ने 37 करोड़ से अधिक टेली कंसल्टेशन किए। मुफ़्त कोविड उपचार और टीकों ने अनेक लोगों की जान बचाई।

ट्रिपल इंजन सरकार की बदौलत हरियाणा तीव्र गति से विकास की राह पर अग्रसर

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा भी विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार ने हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। किसानों का कल्याण हो, औद्योगिक विकास हो, खिलाड़ियों का सम्मान हो या युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हों, हरियाणा हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हरियाणा केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है और राज्य की अपनी विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप नई पहलों को क्रियान्वित भी कर रहा है।
  • उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में, प्रधानमंत्री ने 14 बार हरियाणा का दौरा किया, जिसमें एम्स झज्जर, बीमा सखी योजना, हिसार हवाई अड्डे से हवाई सेवा का शुभारंभ और यमुनानगर थर्मल प्लांट जैसी प्रमुख परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। हरियाणा प्रदेश में 21 नये राष्ट्रीय राजमार्ग स्वीकृत किये हैं, इनमें से 12 राजमार्ग बन चुके हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 17,000 घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाए गए हैं और प्रदेश में 2 लाख सोलर प्लांट का लक्ष्य है।

 

 

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular