हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार ने बताया कि सीनियर सेकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी-सह-उत्तर मध्यमा तथा सेकेण्डरी/सेकेण्डरी-सह-पूर्व मध्यमा वार्षिक परीक्षा-2026 का परीक्षा परिणाम 12 व 14 मई को घोषित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जो परीक्षार्थी सीनियर सेकेण्डरी व सेकेण्डरी की कंपार्टमेंट /E.I.O.P. (Eligible for Improvement of Performance) एवं अतिरिक्त श्रेणी की परीक्षा जुलाई-2026 में प्रविष्ठ होना चाहते हैं, ऐसे परीक्षार्थी 20 मई से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डॉ० पवन कुमार ने आगे बताया कि सेकेण्डरी एवं सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक) परीक्षा जुलाई-2026 के लिए परीक्षार्थी 1000/- रू० बिना विलंब शुल्क सहित 20 मई से 28 मई, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद परीक्षार्थी 100/- रू० विलंब शुल्क के साथ 29 मई से 02 जून, 2026 तथा 300/- रू० विलंब शुल्क सहित 03 जून से 07 जून, 2026 एवं 1000/- रू० विलंब शुल्क सहित 08 से 11 जून, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी उक्त परीक्षा हेतु समय रहते आवेदन करना सुनिश्चित करें। अन्तिम तिथि उपरान्त किसी भी प्रकार के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर बोर्ड की वेबसाइट पर जारी हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 एवं ई-मेल [email protected], [email protected] के माध्यम से संपर्क करते हुए समाधान करवाना सुनिश्चित करें।

