Rohtak News : हरियाणा स्टेट योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में 50वीं सब जूनियर एवं जूनियर नेशनल योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर ओमैक्स हाइट्स क्लब हाउस, सेक्टर-86, फरीदाबाद के बहुउद्देशीय सभागार में सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह विशेष प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, मानसिक एकाग्रता एवं प्रतियोगिता स्तर के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया, ताकि हरियाणा की टीम राष्ट्रीय मंच पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य से चयनित योग खिलाड़ी ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक योग एवं रिदमिक योग जैसे महत्वपूर्ण इवेंट्स में विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेंगे।
हरियाणा स्टेट योगा एसोसिएशन के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. जनक राज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नेशनल चैंपियनशिप में—
- 8 से 10 वर्ष आयु वर्ग (लड़कियां) में एवनी डुड्डी (हिसार), दीक्षिता सिंह (करनाल) एवं रीना (सिरसा), जबकि लड़कों में वरदान (करनाल), पार्थ (पलवल) एवं वासुदेव (सिरसा) चयनित किए गए हैं।
- 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग (लड़कियां) में आराध्या मित्रा (मेवात), अंकिता (मेवात) एवं वंशिका रानी (पानीपत), जबकि लड़कों में अभिनव (रोहतक), हर्षित (हिसार) एवं युवराज (करनाल) का चयन हुआ है।
- 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग (लड़कियां) में पारिशा (रोहतक), अवनी (हिसार) एवं दीक्षा (यमुनानगर), जबकि लड़कों में भाविक सुरा (हिसार), मनीष (पलवल) एवं उज्ज्वल (अंबाला) शामिल हैं।
- 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग (लड़कियां) में नव्या (यमुनानगर), करमदीप कौर (सिरसा), आकांक्षा (अंबाला) एवं अनाइशा अग्रवाल (पंचकूला), जबकि लड़कों में जतिन (भिवानी), रोनित (भिवानी) एवं चक्षित (करनाल) भाग लेंगे।
- 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग (लड़कियां) में सिमरनदीप कौर (सिरसा), कायना नारंग (सिरसा) एवं आरजू (सिरसा), जबकि लड़कों में भविष्य (मेवात), जतिन (भिवानी) एवं मनीष (सिरसा) चयनित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग महिला प्रोफेशनल इवेंट में पूजा यादव (यमुनानगर) हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सात दिवसीय इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का संचालन हरियाणा स्टेट योगा एसोसिएशन के महासचिव अरिंदम मित्रा के कुशल एवं अनुभवी मार्गदर्शन में किया गया, उन्होंने खिलाड़ियों को तकनीकी सुधार, संतुलन, लय, प्रस्तुति एवं मानसिक मजबूती से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया, इसके साथ ही प्रशिक्षण शिविर में पुरुष कोच के रूप में डॉ. जनक राज एवं रंजन पांडेय, जबकि महिला कोच के रूप में विनिता नंदवानी एवं नविता सिंह ने खिलाड़ियों को निरंतर मार्गदर्शन देकर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया।
प्रशिक्षण शिविर के समापन के पश्चात पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ हरियाणा की योगा टीम आज 25 दिसंबर 2025 को झारखंड के रांची के लिए रवाना हो गई। टीम 27 से 30 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाली 50वीं सब जूनियर एवं जूनियर नेशनल योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
हरियाणा स्टेट योगा एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष इंदु अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने सभी खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगी स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि हरियाणा की टीम इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी।

