रोहतक में गुरुवार को माता दरवाजा चौक के पास दिनदहाड़े ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या कर दी। वहीं हमले में पार्लर में काम करने वाली लड़की भी गंभीर रूप से घायल है। जिसे इजाल के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूचना पाकर डीएसपी रवि खुंडिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसके बाद एफएसएल स्पेशल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया ने वारदात स्थल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान कबीर कालोनी निवासी माया (33 साल) के रूप में हुई।
वहीं पुलिस की शुरूआती जांच मेंं सामने आया है कि वारदात को उसके सगे भाई ने ही अंजाम दिया है। बताया जा रहा है दोनों भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
वहीं उप पुलिस अधीक्षक रवि खुंडिया ने बताया कि गुरुवार सुबह के समय पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि माता दरवाजा के पास स्थित ब्यूटी पार्लर मे एक महिला की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस टीम तुरंत मौक़े पर पहुंची। मृतक युवती की पहचान माया पुत्री महेन्दर निवासी कबीर कॉलोनी के रूप में हुई। मृतक युवती के पिता महेन्दर की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
पति से तलाक लेकर अन्य युवक के साथ किराये के मकान मे रह रही थी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि माया की शादी 2010 में खोखरा कोट निवासी युवक के साथ हुई थी। माया अपने पति से तलाक लेकर अन्य युवक के साथ किराये के मकान में रह रही थी। माया ब्यूटी पार्लर का काम कर रही थी। माया के भाई ज्वाला प्रसाद को माया का अन्य युवक के साथ रहना सही नहीं लगा और माया को मारने की धमकी देते हुये रंजिश रखने लगा। 25 दिसंबर को माता दरवााजा चौक के पास स्थित ब्यूटी पार्लर की दुकान में माया के भाई ने माया के गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी।
प्रभारी थाना पुलिस सब्ज़ी मंडी उप.नि सुशील के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले सगे भाई ज्वाला प्रसाद पुत्र महेन्दर निवासी कबीर कॉलोनी रोहतक को गिरफ्तार किया गया है।

