चण्डीगढ़ : हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने ग्रीन पानीपत मिशन के तहत शुक्रवार को औद्योगिक सेक्टर-29 पार्ट-2 में पौधारोपण कर अभियान को नई गति प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं, निगम प्रशासन और विभिन्न सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें सभी वर्गों की भागीदारी अनिवार्य है।
उन्होंने औद्योगिक घरानों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी आय का कम से कम 2 प्रतिशत हिस्सा पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों पर खर्च करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि उद्योगों के सहयोग से यह अभियान और अधिक प्रभावी बन सकता है। मंत्री ने बताया कि पिछले 16 महीनों में पानीपत के विकास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है।
मंत्री ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि इसके संरक्षण और पोषण पर लगातार ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि लगाए गए पौधों की कम से कम तीन वर्षों तक नियमित देखभाल की जाए, ताकि वे पूर्ण विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि यदि हम आज पौधों की देखभाल करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और पूरा पानीपत स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त शहर के रूप में विकसित होगा। उन्होंने सफाई अभियान की सफलता का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि ग्रीन पानीपत मिशन भी उसी तरह सफल होगा। छोटे-छोटे पार्कों को विकसित कर उन्हें मिनी वन का रूप देने की भी बात कही, जिससे शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार हो सके।

